Haryana

यमुनानगर के किसान 26 जनवरी को होंगे भारत सरकार के मेहमान

सुभाष कांबोज

यमुनानगर, 20 जनवरी (Udaipur Kiran) । खंड रादौर के गांव हाफिजपुर के मधुमक्खी पालक प्रगतिशील किसान सुभाष कांबोज को भारत सरकार की और से दिल्ली में 26 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला। जिसमें वे भारत सरकार के 4 दिन तक मेहमान होंगे।

सोमवार को यह जानकारी देते हुए किसान सुभाष कांबोज ने बताया कि भारत सरकार की और से आगामी 26 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस पर उन्हें 4 दिन के लिए दिल्ली में आने के लिए भारत सरकार की और से निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार उनको 25 जनवरी को दिल्ली बुलाया है फिर वहाँ 25 जनवरी से 28 जनवरी तक अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। जिसमें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड को विशिष्ट गैलरी में बैठकर देखने का मौका मिलेगा। वहीं 27 और 28 जनवरी को उन्हें दिल्ली के प्रसिद्ध स्थानों पर भ्रमण के लिए ले जाया जाएगा।

इस दौरान सूचना एवम प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के कार्यक्रम में भी शामिल रहेंगे। हाफिज पुर के मधुमक्खी पालक प्रगतिशील किसान सुभाष कांबोज देश में उस समय सुर्खियों में आए जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनका उनका दो बार जिक्र किया था और उनके मधुमक्खी पालन कार्य की सराहना की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के अन्य किसानों को भी सुभाष कांबोज की तरह ही वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण लेकर आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित किया था। उन्हें प्रदेश व देश में कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण लेने के बाद मात्र छह बॉक्स से मधुमक्खी पालन का कार्य शुरू किया था। आज उनके पास दो हजार से ज्यादा मधुमक्खी पालन के बॉक्स है। वें स्वयं पूरे देश में शहद की बिक्री करते है। आज उनका शहद हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश , पश्चिम बंगाल के अलावा विदेशों में भी बिकता है। उन्होंने अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्म निर्भर बनाया है।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top