Chhattisgarh

जिले में दंतैल हाथी की आमद, रौंद रहे धान के पौधे, किसान चिंतित

उत्तर सिंगपुर क्षेत्र के गांव में रात को घूमता हुआ एक दंतैल हाथी।

धमतरी, 13 जुलाई (Udaipur Kiran) । आशानुरूप वर्षा नहीं होने से चिंतित किसान पहले ही परेशान हैं, ऐसे में एक दंतैल हाथी की आमद ने किसानों की चिंता दोगुनी कर दी है। वनांचल में खेती-किसानी शुरू होते ही अंचल में एक दंतैल हाथी आ धमका है, जो किसानों के खेतों में तैयार हो रही धान के पौधों के साथ ही साथ किसानों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार यह दंतैल हाथी सिकासेर दल का है। सिकासेर दल के हाथी अलग-अलग दलों में बंट गए हैं, जो जिले के जंगलों में ही विचरण कर रहे हैं। वनांचल में किसान खेती-किसानी तेजी से चल रही है। इन दिनों किसान खेतों में बोता व रोपा धान फसल लगाने में व्यस्त हैं। हाथी आने की खबर से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हाथी आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया है।

मगरलोड ब्लाॅक के उत्तर सिंगपुर क्षेत्र के जंगल में एक दंतैल हाथी पिछले कुछ दिनों से विचरण कर रहा है, जो हर किसी के लिए खतरा बना हुआ है। वर्षा के मौसम शुरू होने के साथ अंचल में खेती-किसानी की शुरूआत हो गई है। वनांचल क्षेत्र के किसान अपने खेतों में बोता फसल लगा चुके हैं। बोर सिंचाई सुविधा वाले किसान रोपाई कर रहे हैं। यह दंतैल हाथी किसानों के लिए खतरा है, क्योंकि किसान व मजदूर देर शाम तक खेती-किसानी कार्य कर लौटते हैं। साथ ही हाथी विचरण क्षेत्र में किसानों व ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह से बंद करा दिया है, इससे किसान बोता व रोपाई में पिछड़ जाएंगे। धमतरी वन मंडल अंतर्गत उत्तर सिंगपुर के ग्राम बनियातोरा, सोनपैरी, बेलोरा, बोदलबाहरा, पेंड्रा और कुशुमखूंटा समेत आसपास के गांवों में वन विभाग ने हाथी आने के बाद अलर्ट जारी कर दिया है। गांवों में मुनादी कराकर खेत व जंगलों की ओर जाने से मना किया गया है, क्योंकि कभी भी हाथी आकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। 12 जुलाई की रात यह दंतैल हाथी जंगल से होकर गांव क्षेत्र में प्रवेश किया था। गांव के एक दुकान के पास दंतैल हाथी की तस्वीर कैद की गई है, ऐसे में दंतैल हाथी से ग्रामीणों को ज्यादा खतरा बना हुआ है। इधर हाथी आने की खबर के बाद ग्रामीण शाम होते ही घरों में दुबक रहे हैं। सिकासेर दल का हाथी अलग-अलग दलों में बंट गया है, जो जिले के जंगलों में ही विचरण कर रहा है। वर्षा के इस मौसम के बीच चौक-चौराहों और आंगन में आग जलाकर ग्रामीण रहने मजबूर है। हाथी मानिटरिंग दल के चुरामन पटेल, छाया ध्रुव, समारू राम, मन्नू, भवानी का कहना है कि हाथी पर पूरी तरह से निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी तरह नुकसान न हो।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / चन्द्र नारायण शुक्ल

Most Popular

To Top