Punjab

हरियाणा की सीमा पर धरना दे रहे पंजाब के किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

पंजाब का मृतक किसान गुरमीत सिंह

चंडीगढ़, 25 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा की सीमा पर धरना दे रहे पंजाब के एक किसान ने बुधवार को खनौरी बार्डर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पंजाब के मानसा जिले का रहने वाला था। फसलों की एमएसपी को लेकर पंजाब के किसान फरवरी, 2024 से आंदोलन पर हैं। इसलिए हरियाणा सरकार ने पंजाब के शंभू बॉर्डर को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर रखा है।

जानकारी के मुताबिक गुरमीत सिंह भारतीय किसान यूनियन सिद्धपुर से जुड़ा हुआ था और फरवरी माह से यहां पर बैठा हुआ था। गुरमीत सिंह ने बुधवार की सुबह करीब पौने 10 बजे गांव मल्लां ब्लॉक डोडा श्री मुक्तसर साहिब के टेंट में जाकर आत्महत्या की। उसने उस समय आत्महत्या की जब यहां अन्य किसान नहीं थे। जब किसान लौटकर आए तो गुरमीत का शव देखा। किसान गुरमीत इस आंदोलन को लेकर काफी गंभीर था। वह बहुत कम घर जाता था। उसके सिर पर कर्ज भी था। इस वजह से वह परेशान था। कुछ समय पहले उसके बेटे की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए भी वह नहीं गया था। मोर्चे पर वह लाइट की व्यवस्था देखता था।

इस बीच किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने चंडीगढ़ में कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि किसान ने आत्महत्या की है। यह किसान संघर्ष को लेकर काफी समर्पित था। सारे धरना स्थल पर बिजली का सारा काम वही देखता था।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top