Haryana

फरीदाबाद : महिलाओं ने ज्वेलरी शोरूम में की चोरी

ठग महिला का सीसीटीवी में आया फोटो

फरीदाबाद, 21 मार्च (Udaipur Kiran) । फरीदाबाद में दो महिला ठग ज्वेलरी खरीदने के बहाने शोरूम में घुस गईं। उस वक्त ज्वेलर बाहर गया था जबकि शोरूम में उसकी पत्नी थी। दोनों ने गहने दिखाने के बहाने ज्वेलर की पत्नी को बातों में उलझाकर साढ़े चार लाख रुपए के गहने उठा लिए। इसके बाद वह अंगूठी पसंद न आने की बात कहकर वहां से चली गईं। यह पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें दिख रहा है कि महिला अंगूठी-कान की बालियां उठाकर रुमाल में छुपा रही है। जिसके बाद शोरूम मालिक ने दोनों महिला ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। डबुआ कॉलोनी के रहने वाले दिवेश ने बताया कि भूपानी गांव के चौक पर उसका श्री राम ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। पिछले कई सालों से वह यहां पर सोने के गहने बेचने का काम करते आ रहे हैं। जब वह दवाई लेने के लिए बाहर गया हुआ था। उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी दिव्या शोरूम संभाल रही थी। इस दौरान शोरूम के सामने एक थ्री-व्हीलर रुका, जिसमें से दो महिलाएं उतर कर दुकान में आईं। दोनों ने उसकी पत्नी से सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही। दोनों के कहने पर उसकी पत्नी दिव्या ने सोने की अंगूठी निकालकर दिखानी शुरू कर दी। दोनों महिलाएं कभी टॉप्स देखती तो कभी अंगूठी। दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। दिव्या के मुताबिक महिलाओं के जाने के बाद उसने काउंटर पर रखे अंगूठी और टॉप्स के बॉक्स को उठाना शुरू किया। इसी दौरान उसे बॉक्स से कुछ ज्वेलरी कम लगी। उसने चेक किया तो बाक्स के अंदर एक तोला सोने के झाले, 8 ग्राम वजन की अंगूठी, कान की बाली नहीं थी। वह तुरंत बाहर की ओर भागी और महिलाओं को देखा। मगर, तब तक दोनों महिलाएं जा चुकी थीं। इसके बाद उसने तुरंत कॉल कर पति को मामले की जानकारी दी। पुलिस जांच अधिकारी भंवर ने बताया कि सीसीटीवी वीडियो के आधार पर चोरी करने वाली महिलाओं की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top