

– कार्यकर्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा
– संगठन पर्व को उत्साह के साथ सम्पन्न करने की अपील
– बूथों पर हो निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हाे चयन : सहजानंद राय
देवरिया, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का जिला पंचायत सभागार में जिला पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। गोरखपुर से सड़क मार्ग द्वारा आते समय जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। जिला पंचायत सभागार में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनाव के लिए आज से ही एक्शन मोड में आ जाना होगा ।उन्होंने कहा कि 100 में 60 हमारा है और 40 में बंटवारा है। उसमें भी हिस्सा हमारा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरहवा बाबा के आशीर्वाद से अयाेध्या में विवादित ढांचे का विध्वंस और भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सका है। कुंभ में देवरहवा बाबा मचान लगा कर तपस्या करते थे । उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा लोग शामिल होंगे। उन्हाेंने सभी को महाकुंभ में आने का निमंत्रण भी दिया।उन्होंने कहा कि सपा पति-पत्नी, भाई-भतीजा की पार्टी है। वहीं कांग्रेस मां, भाई और बहन की पार्टी है, जबकि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन और सरकार के शीर्ष पद पर जा सकता है। महाराष्ट्र और उपचुनाव की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के उप चुनाव ने साबित किया है कि मोदी और योगी के नेतृत्व में जनता का विश्वास अडिग है। सपा की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता कि कुंदरकी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में ऐतिहासिक मतदान हुआ। इस चुनाव परिणाम ने सपा के लोगों का घमंड तोड़ दिया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया। उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपनी समस्या को लिखित रूप में मांगते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का कार्य करते हुए आपको भी सूचित किया जाएगा।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि संगठन के एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के निमित्त कार्य करते हैं , जबकि अन्य दल निजी स्वार्थ में जन विश्वास के साथ छल करते हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि सभी बूथ और शक्ति केंद्र के चुनाव अधिकारी अपने अपने बूथों और शक्ति केंद्रों पर शत-प्रतिशत अच्छे और निष्ठावान पदाधिकारियों का चयन करे। सभी बूथ इकाइयों की संरचना अगर ठीक हो गई तो संगठन के तरफ से उप मुख्यमंत्री का यही स्वागत होगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने जनपद के सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के तरफ से उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री केशव माैर्य कार्यकर्ताओं के दिलों की धड़कन हैं। बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्री निवास मणि ने किया ।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सदर विधायक डाॅ. शलभ मणि त्रिपाठी, जयप्रकाश निषाद, दीपक मिश्रा शाका, गिरीश चंद तिवारी, पूर्व विधायक डाॅ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, डाॅ. अंतर्यामी सिंह, महेंद्र यादव, रजनीश उपाध्याय ने उप मुख्यमंत्री का संबोधन कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा,अजय शाही, अजय कुमार दुबे, संजय सिंह एडवोकेट, महामंत्री श्रीनिवास मणि, रविंद्र कौशल, प्रमोद शाही, जिला मंत्री डा हेमंत मिश्रा,अजय शाही, प्रभाकर तिवारी, त्रिगुणायत विश्वकर्मा, आनंद शाही, सुधीर श्रीवास्तव, रमेश वर्मा, दुर्गेश नाथ त्रिपाठी, कृष्ण नाथ राय, रामाशीष प्रसाद उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / ज्योति पाठक
