Uttrakhand

निष्पक्ष और न्यायसंगत  कानून व्यवस्था भाजपा सरकारों की पहचान : महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ।

देहरादून, 08 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपराध मुक्त शासन को अपनी पार्टी की सरकारों की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी न्यायसंगत और निष्पक्ष कानून व्यवस्था है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कानून व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद है। किसी भी तरह की घटना संज्ञान में आते ही तत्काल निष्पक्ष कठोर कार्रवाई की जा रही है। हमारी सरकार अपराधों के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। विशेषकर महिला अपराधों को लेकर बेहद गंभीर है। आज एक भी उदाहरण ऐसा नहीं है जिसमे त्वरित कठोर कार्रवाई सुनिश्चित न की गई हो। चाहे आईएसबीटी की घटना हो, चाहे रुद्रपुर की, चाहे रानीखेत या जसपुर की या चाहे कोई अन्य, सभी घटनाओं के आरोपित सलाखों के पीछे अपनी सजा का इंतजार कर रहे हैं। इसी तरह हल्द्वानी के दंगाइयों की बात हो या बनवसा नेपाल सीमा की बात हो सभी प्रकरणों में बिना किसी पक्षपात के कानून सम्मत कार्रवाई की गई है। कानून व्यवस्था को लेकर प्रश्न खड़ा करने का सवाल ही नहीं उठता है।

भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हैरान परेशान मुद्दाविहीन एवं विचारहीन कांग्रेस नित नएृ-नए झूठ एवं प्रपंच के साथ सामने आती है। केन्द्र में 10 और राज्य में 8 वर्ष से अधीक सत्ता से बाहर रहने के कारण वह येन केन प्रकारेण सरकार को बदनाम करने की कोशिश में जुटी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सचाई यह है कि कांग्रेस और उनकी सहयोगी सरकारें अपराधों के लिए कुख्यात रही हैं। उन्होंने कहा कि ये अपनी सरकारों में अपनी ही पार्टी के नेताओं के साथ हुए अपराधों में भी न्याय करने में अक्षम रहते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने राजनैतिक चश्मा पहना हुआ है। यही वजह है कि उन्हें अपराधों पर की गई त्वरित एवं कठोरतम कार्रवाई दिखाई नहीं देती है। सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए सरकार के खिलाफ झूठे आरोपों का एजेंडा चली रही है।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top