
बर्दवान, 09 जून (Udaipur Kiran) । बर्दवान के पालितपुर में सोमवार को एक लोहे की छड़ बनाने वाली फैक्ट्री के भट्टी में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 11 अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि बर्दवान के पालितपुर स्थित फैक्ट्री में प्रतिदिन शिफ्ट में काम होता है। अन्य दिनों की तरह सोमवार को भी काम चल रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे फैक्ट्री में भयानक विस्फोट हुआ। एक भट्ठी फट गई और ढह गई। उस समय वहां मजदूर काम कर रहे थे। एक ट्रक से लोहे की छड़ बनाने के लिए कच्चा माल उतारा जा रहा था। वाहन का चालक पास में ही मौजूद था। भट्ठी का एक हिस्सा उसके ऊपर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कई अन्य मजदूरों के घायल होने की भी खबर है। घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। वहां से 11 मजदूरों को बचाकर बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनमें से कई की शारीरिक हालत गंभीर है। घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस अधिकारी फैक्ट्री परिसर में गए। यह घटना कैसे हुई? फैक्ट्री अधिकारियों ने सुरक्षा पहलू का कितना पालन किया? भट्ठी और अन्य उपकरणों का कितना रख-रखाव किया गया? ये सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में चार सौ से अधिक मजदूर काम करते हैं। पुलिस फैक्ट्री अधिकारियों से बात कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
