Chhattisgarh

वर्षा के मौसम में भी कई स्थान पर पेयजल संकट बरकरार, बर्तन लेकर प्रदर्शन

पानी समस्या की शिकायत बताती हुई महिलाएं।

धमतरी, 30 जुलाई (Udaipur Kiran) ।वर्षा ऋृतु में भी शहर के अंदर पेयजल समस्या बनी हुई है। जिले में भूजल स्तर कम होने से कई निजी बोर से पानी कम आ रहा है, तो कई बोर बंद हो चुके हैं। हालत यह है कि वर्षा ऋतु में भी लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के कई वार्डों में नगर निगम के टैंकर से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों को आंशिक राहत मिली है।

भूजल स्तर गिरने से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पेयजल आपूर्ति करने के बाद भी कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां पर पानी की समस्या बनी हुई है। हटकेशर वार्ड में माहभर से पेयजल समस्या से जूझ रही आक्रोशित महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग निगम प्रशासन से की।

हटकेशर वार्ड की ममता साहू, फगनी साहू, दुलेशिया बाई, उर्मिला निर्मलकर, सुनीता देवांगन, राजकुमार साहू, हेमलता देवांगन, सोहद्रा बाई, प्रमिला बाई ने बताया कि चापड़ा कालोनी में लगभग एक माह से पेयजल समस्या बनी हुई है। इसे आज तक नहीं सुधारा गया है। पेयजल संकट के चलते उन्हें पानी के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि घर बैठे पानी मिलने की चाह में उन्होंने टेपनल कनेक्शन लगवाया है, लेकिन इसमें भी पानी नहीं आ रहा है। बकायदा नगर निगम को जलकर भी पटाया जा रहा है। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता है तो खाली बर्तन लेकर नगर निगम में प्रदर्शन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार गोकुलपुर, बठेना वार्ड, सोरिद वार्ड, रामपुर वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड सहित अन्य वार्ड में टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने बताया कि धमतरी शहर में पेयजल की गंभीर समस्या नहीं है। जिन वार्डों से शिकायत मिल रही है वहां पर नगर निगम के टैंकर से पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top