RAJASTHAN

संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प का बीजारोपण होगा स्थापना दिवस समारोह

संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प का बीजारोपण होगा स्थापना दिवस समारोह

उदयपुर, 15 अप्रैल (Udaipur Kiran) । लघु उद्योग भारती, उदयपुर संगठन का स्थापना दिवस संगठन को नई ऊंचाइयों के संकल्प के बीजारोपण के रूप में मनाएगा। इसके लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली गई है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

तैयारी के तहत लघु उद्योग भारतीय उदयपुर की समस्त इकाइयों की कार्यकारिणी बैठक यहां होटल बाबूजी पैलेस, सेक्टर 14 में हुई। बैठक में स्थापना दिवस सप्ताह 24 से 26 अप्रैल तक की व्यापक रूपरेखा, सदस्यता अभियान, सेवाकार्य तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।

मुख्य समारोह समन्वयक कलड़वास इकाई अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मुख्य समारोह 25 अप्रैल को प्रताप गौरव केंद्र, उदयपुर में होगा। इस अवसर पर सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरण, आईआईएफ प्रदर्शकों को प्रतीक चिह्न एवं श्रेष्ठ प्रदर्शक को पारितोषिक प्रदान किया जाएगा। साथ ही पारिवारिक मिलन, विशेष संबोधन सत्र तथा सामूहिक भोजन की भी योजना बनाई गई है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 24 अप्रैल को सदस्यता जागरूकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी इकाइयां नए उद्योगों को संगठन से जोड़ने के लिए सक्रिय अभियान चलाएंगी। नवसदस्यों की जानकारी मुख्य व्हाट्सएप समूह में साझा की जाएगी। समन्वय का उत्तरदायित्व सदस्यता प्रभारी तरुण दवे निभाएंगे।

स्थापना सप्ताह का अंतिम दिन 26 अप्रैल सेवाकार्य के रूप में मनाया जाएगा। मादड़ी इकाई अध्यक्ष हेमंत जैन द्वारा प्रस्तुत योजना के अनुसार सामूहिक स्वच्छता अभियान, सामुदायिक सेवा अथवा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे।

बैठक में हाल ही में सम्पन्न औद्योगिक मेले की रिपोर्ट जिला अध्यक्ष मनोज जोशी एवं मेला कोषाध्यक्ष प्रिंस चौबीसा द्वारा प्रस्तुत की गई।

बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष राकेश वर्डिया ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यालय एवं स्किल डवलपमेंट सेंटर के लिए प्रस्तावित भूमि योजना की जानकारी भी बैठक में साझा की गई, जिसका अंतिम निर्णय प्रांतीय व केंद्रीय कार्यकारिणी स्तर पर लिया जाएगा।

मादड़ी इकाई के उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने संगठन कैलेंडर प्रकाशन एवं आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, वहीं तरुण दवे ने नववर्ष आयोजन में संगठन की भागीदारी और व्यय की जानकारी दी।

स्थापना दिवस समारोह की भोजन व्यवस्था के लिए

कपिल श्रीमाली को भोजन प्रभारी उपलब्ध कराएंगे।

बैठक में उपाध्यक्ष राजेंद्र सुराणा, कोषाध्यक्ष यशवंत मंडावरा, अवनीश व्यास, कलड़वास, मादड़ी, गुड़ली, गिरवा व सुखेर इकाइयों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्थापना सप्ताह के सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए समर्पित भावना के साथ सहभागी बनने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Most Popular

To Top