
हरदा, 2 अप्रैल (Udaipur Kiran) । गुजरात के बनासकांठा जिला में डिसा नामक स्थान पर मंगलवार को सुबह फटाखा फैक्टरी में बॉयलर फटने से कुल 18 मजदूरों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त है। इन 18 मृतकों में आठ मृतक हरदा जिले के निवासी हैं। इसके अलावा तीन लोगों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है तथा दो व्यक्ति दुर्घटना के बाद से अभी भी लापता है। मृतकों के संबंध में तथ्यों की पुष्टि जिला प्रशासन बनासकांठा गुजरात से प्राप्त की जा रही है।
संयुक्त कलेक्टर सतीश राय ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हरदा जिले के हंडिया निवासी गुड्डी बाई (30) पत्नी भगवान सिंह नायक, विजय (17) पुत्र भगवान सिंह नायक, अजय (16) पुत्र भगवान सिंह नायक, कृष्णा पुत्र भगवान सिंह नायक (12), विष्णु (18) पुत्र सत्य नारायण नायक, सुरेश (25) पुत्र अमर सिंह नायक, बबीता (30) पत्नी संतोष नायक तथा धनराज बैन (उम्र 18 वर्ष) की मृत्यु हो गई है। यह सभी हंडिया निवासी हैं। संयुक्त कलेक्टर राय ने बताया कि इसके अलावा राजेश (22) पुत्र सत्यनारायण नायक निवासी हंडिया, बिट्टू (14) पुत्र सत्यनारायण नायक निवासी हंडिया तथा विजय (23) पुत्र रामदीन काजवे निवासी मालपौन के घायल होने की खबर है। इस दुर्घटना में दो व्यक्तियों संजय नायक 12 वर्ष तथा लक्ष्मी 50 वर्ष अभी तक लापता है। जिला प्रशासन बनासकांठा से अद्यतन जानकारी प्राप्त होने पर जानकारी परिवर्तित हो सकती है। घटना की जानकारी प्राप्त होने पर संयुक्त कलेक्टर संजीव नागू के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन का दल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है। जिला बनासकांठा के साथ प्रशासन लगातार समन्वय कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बनासकांठा में श्रमिकों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से मध्य प्रदेश निवासी श्रमिकों के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का गुजरात सरकार से घटना के संबंध में लगातार संपर्क बना हुआ है। श्रमिकों की सहायता और परिवारों की मदद के लिए सभी आवश्यक प्रयास होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से असमय दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि गुजरात के बनासकांठा स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे में मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस दुरूखद घड़ी में हमारी सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। पीड़ितों को हर जरूरी मदद मुहैया कराई जाएगी।
हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों की शिनाख्त और घायलों की आवश्यक मदद करने के उद्देश्य से हरदा जिले के अधिकारियों का दल गठित कर बनासकांठा जिले के लिए भेजा गया है। इस दल में संयुक्त कलेक्टर संजीव नागू, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुनील लाटा, तहसीलदार टिमरनी डॉ. प्रमेश जैन, नायब तहसीलदार देवराम निहरता तथा रहटगांव के पुलिस उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह भदोरिया शामिल हैं।
(Udaipur Kiran) तोमर
