Haryana

फरीदाबाद : कचरे से तैयार होगा एफिल टावर और स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी

फरीदाबाद में फैली अरावली, जहां पार्क बनेगा।

फरीदाबाद, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । अरावली में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पहाड़ों के बीच औद्योगिक और अन्य प्रकार के कचरे से वेस्ट टू पार्क की योजना नगर निगम फरीदाबाद के द्वारा बनाई जा रही है। इस पार्क को सूरजकुंड-अनखीर रोड पर बनाया जाएगा। अरावली में 20 एकड़ के क्षेत्र में इस पार्क को विकसित किया जाएगा। इस पार्क में स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी, एफिल टावर जैसी कलाकृतियों को कचरे से बनाकर प्रदर्शित किया जाएगा। नगर निगम ने पार्क को बनाने के लिए वन विभाग में एनओसी के लिए आवेदन कर दिया है, जिसके बाद यहां पार्क का काम शुरू हो जाएगा। कचरे की समस्या को प्रदर्शित करने के लिए निगम इस पार्क को बना रहा है। यहां औद्योगिक और अन्य प्रकार के कचरे से यह कलाकृतियां बनाई जाएंगी। इससे स्टूडेंट्स को सीख मिलेगी कि वेस्ट से भी वह कितनी बेहतर चीजें बना सकते हैं। इससे कचरे की समस्या का निदान होगा। साथ ही पर्यटन भी बढ़ेगा। नगर निगम की ओर से इस पार्क को चंडीगढ़ और दिल्ली के वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर बनाया जाएगा। दिल्ली के निजामुद्दीन में वेस्ट टू वंडर पार्क में विश्व के सात अजूबों की कलाकृतियों को बनाया गया है। वहीं, फरीदाबाद के वेस्ट टू आर्ट विश्व द्वीप पार्क में सात महाद्वीपों को प्रदर्शित करने वाली कलाकृतियां होंगी। इनमें भारत के भी सभी राज्यों को प्रदर्शित करने वाली कलाकृतियों को बनाया जाएगा। नगर निगम फरीदाबाद के अतिरिक्त आयुक्त गौरव आंतिल ने बुधवार को बताया कि निगम के इंजीनियर इस पार्क का प्रारूप तैयार कर रहे हैं। इसका अभी बजट तैयार नहीं हुआ है। अनुमान है कि 28 से 30 करोड़ रुपए तक इस पार्क को बनाने में लागत आ सकती है। इसमें सात महाद्वीपों की पहचान मानी जाने वाली कलाकृतियों को वेस्ट से बनाकर प्रदर्शित करने की योजना है। वन विभाग में एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। एनओसी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top