कोलकाता, 10 जनवरी (Udaipur Kiran) ।पश्चिम बंगाल में शीतलहर का प्रभाव लगातार बना हुआ है। कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस की जा रही है। शुक्रवार को मौसम विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, अगले 24 घंटों में कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। कोलकाता में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 2.4 डिग्री और 0.7 डिग्री कम है। आर्द्रता अधिकतम 94 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत रही। पिछले 24 घंटों में कोलकाता में बारिश दर्ज नहीं की गई है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर बना हुआ है। हुगली और हावड़ा जिलों में मौसम साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है, जहां तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
उत्तर बंगाल के जिलों में भी ठंड का प्रभाव जारी है। दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान छह-सात डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी सर्दी का प्रभाव बना रहेगा।
राज्य के मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और शाम को ठंड का अहसास अधिक रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, ठंड के कारण राज्य के स्कूलों और कार्यालयों में उपस्थिति पर असर पड़ रहा है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
