
डिब्रूगढ़ (असम), 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को डिब्रूगढ़ में भाजपा के ‘संविधान गौरव अभियान’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संविधान मूल्यों की मजबूती और पिछड़े समुदायों के कल्याण की दिशा में किए गए कार्यों को रेखांकित किया।
सोनोवाल ने कहा कि भारत की एकता और लोकतंत्र की शक्ति डॉ. अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की देन है। 75 वर्षों से संविधान ने विविध समुदायों, भाषाओं और धर्मों के इस देश को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों के साथ मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार संविधान का अपमान और उसकी गरिमा को कमजोर किया है। इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण 1975 में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा लगाया गया आपातकाल है, जिसने मौलिक अधिकारों को निलंबित कर देश को भारी नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस के लिए परिवार पहले आता है और संविधान आखिरी में।
सोनोवाल ने जयप्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी ने अपनी 13 दिनों की सरकार को अनैतिक तरीकों से बढ़ाने के बजाय सिद्धांतों को प्राथमिकता दी। यही कारण है कि भाजपा को लोग भरोसेमंद मानते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया और हाशिए पर मौजूद वर्गों का उत्थान किया। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने पर वह अपने स्वार्थ के लिए संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी करती है लेकिन, जनता ने उनके भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति को चुनावों में खारिज कर दिया। सोनोवाल ने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में, भारत एक सम्मानित और शक्तिशाली लोकतंत्र के रूप में उभरा है।
कार्यक्रम में खुमटाई के विधायक चक्रधर गोगोई, डिब्रूगढ़ भाजपा अध्यक्ष दुलाल बोरा, असम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रितुपर्ण बरुवा, डिब्रूगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष असीम हजारिका, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य टंकेश्वर सोनोवाल और आवास बोर्ड के उपाध्यक्ष सुभाष दत्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
———–
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
