Delhi

डूसू अध्यक्ष ने लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्या के कक्ष में पोता गोबर

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अध्यक्ष रौनक खत्री लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्या के कमरे में गोबर से लिपाई किए

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (Udaipur Kiran) । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अध्यक्ष व एनएसयूआई नेता रौनक खत्री ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्या प्रत्युष वत्सला के कमरे की दीवार पर गोबर पोत कर विरोध दर्ज कराया। कल प्रचार्या का कॉलेज के एक कमरे में गोबर पोतते हुए वीडियो वायरल हुआ था।

डूसू के अध्यक्ष रौनक खत्री लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्या के कमरे में पहुंचे और प्रचार्या पर तंज कसा। उन्होंने विरोध स्वरूप गोबर से लिपाई की। उन्होंने कहा है कि गोबर पोतने से अगर ठंडा फील होता है तो उन्हें अपना एसी दान कर देना चाहिए। इस दौरान प्रचार्या कक्ष में उपस्थित नहीं थीं।

रौनक खत्री ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि मैडम अब अपने कक्ष से एसी हटवाकर छात्रों को सौंपेंगी। गोबर से लीपे हुए इस आधुनिक व प्राकृतिक ठंडे वातावरण में कॉलेज का संचालन करेंगी।”

इस दौरान कुछ छात्राओं ने प्राचार्या के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज में शौचालय खराब है, पंखे नहीं चलते और पीने का पानी भी ठीक से उपलब्ध नहीं है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज की प्राचार्या का कक्षा की दीवारों पर गोबर लिपाई करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा था। प्रचार्या का कहना है कि यह एक शोध का हिस्सा था।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top