
धमतरी, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।पुलिस और प्रशासन ने शहर में दुर्गा विसर्जन, झांकी एवं दशहरा त्योहार को लेकर जन संवाद कक्ष कोतवाली थाना परिसर में 10 अक्टूबर को शांति समिति की बैठक ली। इसमें दुर्गा समिति के पदाधिकारी, सदस्य व शहरवासी शामिल हुए। दुर्गा झांकी, विसर्जन एवं दशहरा त्यौहार शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने अपील की है। वहीं म्यूजिक सिस्टम को पूरी तरह से प्रतिबंध रखने की जानकारी बैठक में दी गई। 11 व 12 अक्टूबर को दो दिनों तक दुर्गा विसर्जन करने की व्यवस्था की गई है।
बैठक में बताया गया कि झांकी का रूट मार्ग मकई चौक से बिलाई माता मंदिर रूद्री घाट में क्रेन से विसर्जन किया जाएगा। दुर्गा झांकी समिति द्वारा कुल नौ झांकी निकाले जाने की बात कही गई है। झांकी का समय 11 अक्टूबर को शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। दुर्गा झांकी एवं दुर्गा विसर्जन की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी प्रशासन द्वारा कराई जाएगी। वहीं दुर्गा विसर्जन 11 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से चालू हो जाएगा। धमतरी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने गाइडलाईन और नियमों के बारे में दुर्गा झांकी समितियों के सदस्यों को जानकारी दी। धमतरी पुलिस द्वारा अलग-अलग तीन टीम बनाई जाएगी। बैठक में एसडीएम डा विभोर अग्रवाल, प्रभारी निगम आयुक्त पीसी सार्वा, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली राजेश मरई समेत दुर्गा पंडाल एवं दुर्गा झांकी समिति व शहरवासी उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
