
– मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने द अंबेडकर यूथ कॉन्क्लेव को किया संबोधित
भोपाल, 27 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा साहब के बनाए संविधान की वजह से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और मैं मध्य प्रदेश की जनता का सेवक बन सका। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत की आजादी को अमर बनाने के लिए कार्य किया है। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने देश के लिए हमेशा एक गुरू की भूमिका निभाई। हर व्यक्ति के जीवन में गुरू की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सच्चे अर्थों में देश के लिए गुरू की भूमिका निभाई है। विज्ञान की भाषा में समझें कि जो भारी होता है, दूसरे उसी की परिक्रमा करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल स्थित राज्य संग्रहालय में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान अभियान के तहत आईएम बीजेपी फ्यूचर फोर्स द्वारा आयोजित द अंबेडकर यूथ कॉन्क्लेव को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज संविधान नहीं होता तो प्रधानमंत्री मोदी और मेरे जैसे एक सामान्य गरीब परिवार से आने वाले व्यक्ति राजनीति के जरिए समाज व देश सेवा के क्षेत्र में नहीं आ पाते। अगर एक गरीब का बेटा आज प्रधानमंत्री है तो वह बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान की ताकत की वजह से संभव हो सका है। अगर बाबा साहब का संविधान नहीं होता तो देश के आजाद होने के बाद सत्ता संभालने वाले परिवार की चौथी पीढ़ी आज सत्ता संभाल रही होती। उस परिवार को तो यही पीड़ा है कि बाबा साहब से इतना अच्छा संविधान क्यों बना दिया, जिसमें देश की जनता को समान अधिकार मिल गए।
सत्ता को अपनी जागीर मानता है कांग्रेसमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस और कांग्रेस का एक परिवार सत्ता को अपनी जागीर मानता है। वह परिवार देश के संविधान को भी नकार देता है, संविधान का गला घोटने का कार्य करता है और कानून से भी खुद को ऊपर मानता है। अभी ईडी ने आर्थिक अपराध करने पर नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट पेश की तो ईडी के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। यह इसलिए कर रहे, क्योंकि कांग्रेस का वह परिवार संविधान का सम्मान नहीं करता है। लाल किताब लेकर संविधान की बात करने वाले कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने देश में आपातकाल लगाकर संविधान का गला घोंटा और अपने निहित स्वार्थों के लिए संविधान में संशोधन किए।
आरक्षण लगातार लागू रहेगा इसमें कोई शंका नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद देश को आगे बढ़ाने के लिए समाधान निकालने का समय आया। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने बहुत कोशिश की कि बाबा साहब को संविधान सभा में आने से रोका जाए। कांग्रेस ने संविधानसभा में आने से रोकने के लिए बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। लेकिन अद्भुत प्रतिभा के धनी महापुरूष बाबा साहब को जिम्मेदारी मिली और उन्होंने संविधान का निर्माण कर देश को आगे ले जाने का समाधान खोजा। बाबा साहब के बनाए संविधान में कानून सबके लिए समान बनाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बाबा साहब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ बनाकर सम्मान देने का कार्य किया है। आजादी के बाद दो बार शिक्षा नीति में बदलाव किया गया, लेकिन बाबा साहब के सभी पहलुओं को जनता के सामने नहीं लाया गया।
आरक्षण को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा साहब समाज सुधारक के साथ अच्छे पत्रकार थे, अर्थशास्त्र के बहुत बड़े विद्वान थे। उनके विचार के आधार पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गठन किया गया। समता मूलक समाज बनाने के लिए बाबा साहब से संविधान में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों को आरक्षण का प्रावधान किया है। वह आरक्षण आज भी चल रहा है और आगे भी निरंतर चलता रहेगा, इसमें कोई शंका नहीं है। कांग्रेस आरक्षण को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, इससे आप सभी प्रबुद्ध लोगों को सतर्क रहना है और समाज को बताना है कि बाबा साहब के कृतित्व व व्यक्तित्व को भाजपा जनता के सामने लाने का कार्य कर रही है। कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग को आरक्षण देने के मुद्दे पर भी झूठ बोलकर भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है। जनता उसके भ्रम में नहीं आने वाली है। बाबा साहब ने आजादी से पहले जिस विकसित भारत का सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उस सपने को साकार करने का कार्य कर रहे है।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरू प्रकाश पासवान और प्रदेश प्रवक्ता व सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने भी संबोधित किया।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
