CRIME

नशेबाज पति ने पत्नी पर फावड़े से किया हमला, इलाज के दौरान हुई मौत

मृतका रूबी की फ़ाइल फोटो

कानपुर, 13 जून (Udaipur Kiran) । ककवन थाना क्षेत्र के मिंडा निवादा गांव में शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मिंडा निवादा गांव में रहने वाला बराती लाल खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। घर में उसकी पत्नी रूबी और तीन बच्चे भी हैं। आरोपित शराब पीने का लती था। इसी कारण अक्सर दंपत्ति में विवाद भी होता था। गुरुवार देर शाम बराती लाल घर पहुंचा, शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी बीच गुस्साए पति ने फावड़े से पत्नी के गले पर वार कर दिया। घटना में रूबी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

शोरगुल सुनकर पड़ोसियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पहुंची पुलिस ने महिला को शिवराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

एसीपी बिल्हौर अमर नाथ पांडेय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top