

इटानगर, 05 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अरुणाचल प्रदेश के आलो में आयोजित गालो जनजाति के पावन मोपिन महोत्सव के 59वें केंद्रीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मोपिन महोत्सव न केवल अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि यह असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच प्रेम और एकता का भी सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोपिन महोत्सव एक पवित्र कृषि त्योहार है जो प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, समृद्धि और सामाजिक एकता का संदेश देता है। गालो समुदाय द्वारा मनाया जाने वाला यह उत्सव पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य ‘पोपीर’ के माध्यम से पीढ़ियों को जोड़ता है।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि यह त्योहार न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह हमारी आत्मा से जुड़ा हुआ परंपरा का हिस्सा है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी सहेज कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उत्सवों से जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव को भी बल मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब पूर्वोत्तर भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक परिवर्तन की दहलीज पर है, तब ‘ट्रांसफार्मेशन थ्रू ट्रांसपोर्टेशन’ और ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ जैसी पहलों ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है। पहले जहां पूर्वोत्तर को उपेक्षित क्षेत्र माना जाता था, वहीं आज यह दक्षिण-पूर्व एशिया की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के लिए प्रवेशद्वार बन रहा है।
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच प्रगाढ़ संबंधों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोपिन महोत्सव दोनों राज्यों के साझा सांस्कृतिक मूल्यों का उत्सव है। उन्होंने भरोसा जताया कि वर्तमान सरकारों के नेतृत्व में असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा विवाद पूरी तरह सुलझा लिया जाएगा।
डॉ. सरमा ने यह भी घोषणा की कि महान संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती वर्ष 2026 में असम के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश में भी पूरे उत्साह से मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉ. हजारिका का अरुणाचल के प्रति अगाध प्रेम और राज्य की जनता का उनके प्रति स्नेह इस उत्सव को विशेष बनाएगा।
इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, संस्कृति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमति दिसांगलु पुल, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री केंटो जिनी, विधायक टोपिन एते, सीईएम तुलीराम रंगहांग, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच गुम्पे रिमे, ब्रिगेडियर शाहिद अहमद खान समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
