
शिमला, 02 मई (Udaipur Kiran) । जातिगत मतगणना पर कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही जातिगत जनगणना का श्रेय लेकर देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि उसने स्वयं कभी इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई।
डॉ. बिंदल ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की हितैषी होती तो आजादी के बाद से हर दस वर्षों में जातिगत जनगणना को अनिवार्य बनाया जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इन वर्गों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और उनके सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘संविधान बचाओ’ अभियान को भी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली वाली कहावत को चरितार्थ करता है। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान में अब तक 75 बार संशोधन कर अपने राजनीतिक हित साधे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वयं अंबेडकर जी का अपमान किया और आज उन्हीं के नाम पर राजनीति कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय देश में लोकतंत्र को कुचलते हुए डेढ़ लाख से अधिक देशभक्तों को जेलों में ठूंस दिया गया था। उन्होंने कहा कि उस दौर में संविधान की सारी ताकतें एक व्यक्ति के हाथ में केंद्रित कर दी गई थीं, जिससे कांग्रेस की तानाशाही प्रवृत्ति उजागर होती है।
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने संविधान की धारा 356 का दुरुपयोग करते हुए अब तक 88 बार राज्यों की लोकतांत्रिक सरकारों को बर्खास्त किया है। ऐसे में कांग्रेस का ‘संविधान की रक्षा’ का दावा जनता को भ्रमित करने का एक असफल प्रयास है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा ही देश में सच्चे अर्थों में बाबा साहब के सपनों को साकार कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
