
धर्मशाला, 26 मई (Udaipur Kiran) ।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में विमल नेगी मामले के बाद बने हालात से भाजपा के सरकार पर लगाये गए आरोप सिद्ध हो गए हैं। सोमवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि माफिया पर सरकार का नियंत्रण नहीं है और वर्तमान कांग्रेस सरकार इसके लिए जिम्मेदार है, क्योंकि यह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
उन्होंने कहा कि एक ईमानदार अफसर की बलि चढ़ गई। डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए विमल नेगी की रहस्यमय मृत्यु का मुद्दा उठाया। बिंदल ने कहा कि उनका अचानक गायब हो जाना और बिलासपुर में जलमग्न शव मिलना दुखद था। उन्होंने सवाल उठाया कि यह मृत्यु, हत्या या आत्महत्या थी। बिजली बोर्ड के अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगे।
बिंदल ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं थी और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता या परिवार की बात नहीं सुनी और एसआईटी से जांच करवाई। मामला हाईकोर्ट पहुंचा और कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए।
इसी बीच, एसपी शिमला की प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि इससे सरकार की पोल खुल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी ने अपनी ही पुलिस पर चिट्टा माफिया से मिले होने का आरोप लगाया और चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी, डीसी सभी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने विमल नेगी मामले में पेन ड्राइव छिपाने और फोरेंसिक लैब भेजने पर सवाल उठाते हुए कहा कि दाल ही काली है। डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार ब्रेक डाउन हो गई है।
वहीं उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह सुखद संदेश है कि देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, जबकि 2014 में यह 11वें स्थान पर था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के भारत को तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
