HimachalPradesh

महिलाओं की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए डॉ. प्रियंका चंद्रा की पहल, ‘भगवती’ उत्पाद का शुभारंभ

शी हॉट बागपशोग की महिलाओं ने भगवती नामक उत्पाद किया तैयार

नाहन, 01 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पच्छाद उपमंडल में कार्यरत डॉ. प्रियंका चंद्रा, जो वर्तमान में उपमंडल दण्डाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, ने महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ करने और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से स्वावलंबी बनाने के लिए एक अनूठी पहल की है। डॉ. प्रियंका ने इस पहल के तहत जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के बाग पशोग में स्थित शी-हॉट महिला समूह की 23 महिलाओं से मिलकर जैविक उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

इस पहल के तहत तैयार किए गए उत्पाद का नाम ‘भगवती’ रखा गया है, जिसमें मां दुर्गा के नौ रूपों का चित्रण और श्लोक शामिल हैं। इस उत्पाद को पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए गाय के गोबर, लौहबान, जंगली फूल, कपूर और हवन सामग्री का मिश्रण कर प्राकृतिक धूप और हवन कप तैयार किए गए हैं। यह उत्पाद न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा भी लाता है और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है।

इसके अतिरिक्त मां दुर्गा की पोशाक भी घर में पड़ी छोटी-छोटी कपड़ों से तैयार की गई है, जिसे ब्रास के फूल, चुकंदर और तुलसी की पत्तियों से रंगा गया है। इस उत्पाद के सुंदर डिजाइन और आकर्षक बॉक्स के लिए राजकीय महाविद्यालय सरांहा की छात्रा कुमारी जिन्या और पांवना स्कूल की कला अध्यापिका सीमा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह उत्पाद इस मार्च माह में ही शुरू किया गया और 30 मार्च को चैत्र नवरात्र के पहले दिन इसे जिला स्तरीय मां नगरकोटी मेला में प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसका विक्रय शुभारंभ हि.प्र. विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने किया। इसके बाद 31 मार्च को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने मेला के समापन अवसर पर इस उत्पाद का अवलोकन किया और इसे सराहा।

डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि शी-हॉट महिला समूह द्वारा तैयार किए गए इस उत्पाद को अब जिला सिरमौर के विभिन्न मेलों में प्रदर्शित किया जाएगा, साथ ही इसे जिले के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उनका मानना है कि इस पहल से महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top