Uttar Pradesh

डॉ मोहित जैन बने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य

डॉ मोहित जैन

प्रयागराज, 16 जनवरी (Udaipur Kiran) । शहर के सुप्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ मोहित जैन को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रयागराज का उप प्राचार्य नियुक्त किया गया है। शासन की ओर से मेडिकल कॉलेज में एक नई उपलब्धि दर्ज की गई है।

कॉलेज की प्राचार्य डॉ वत्सला मिश्रा ने कहा कि डॉ मोहित जैन एक कुशल प्रशासक और दूरदर्शी चिकित्सक एवं शिक्षक हैं। उनके मार्गदर्शन में कॉलेज शिक्षा अनुसंधान और रोगी सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। डॉ जैन का कैरियर कई पुरस्कारों से भरा हुआ है। जिनमें यूपी आईएमए बेस्ट टीचर अवार्ड और प्रयाग गौरव सम्मान शामिल है।

उल्लेखनीय है कि, डॉ जैन अपने एकेडमिक कार्यों और चिकित्सा शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति को कॉलेज के शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला कदम माना जा रहा है। डॉ मोहित जैन वर्तमान में प्लास्टिक सर्जरी विभाग प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में विभाग में पिछले वर्ष 8708 मरीज़ ओपीडी में देखे गए। 1012 मरीज़ भर्ती किए गए और 804 सर्जरी की गई।

मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान डॉ मोहित जैन द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उनको सरकार के साथ ही साथ लायंस क्लब इंटरनेशनल और रोटरी इंटरनेशनल ने भी सम्मानित किया था। एकेडमिक क्षेत्र में डॉ मोहित जैन राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति है। उन्होंने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में कई शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और अनेक सम्मेलनों में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए हैं। डॉ जैन की नियुक्ति को लेकर मेडिकल कालेज में उत्साह का माहौल है। उनके उप प्राचार्य बनने से उम्मीद है कि मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। डॉ मोहित जैन को बधाई देने वालों में डॉ वत्सला मिश्रा, डॉ तारिक महमूद, डॉ संतोष कुमार सिंह आदि शामिल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top