Madhya Pradesh

संभागायुक्त ने संभाला धार्मिक न्यास,धर्मस्व एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के संचालक का प्रभार

उज्जैन,मध्य प्रदेश, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से उज्जैन संभाग के कमिश्नर संजय गुप्ता को आगामी आदेश तक संचालक धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा संचालक मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है। नवीन प्रभार मिलने के बाद संभाग आयुक्त गुप्ता ने सर्वप्रथम बाबा महाकाल के दर्शन किये और आरती में शामिल हुए। उसके बाद प्रशासनिक संकुल भवन स्थित संभागायुक्त कार्यालय में नवीन दायित्वों का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के उप संचालक मनीष तिवारी, सहायक संचालक सौरभ बंसल मौजूद थे। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात श्री गुप्ता का पुष्पगुच्छ से अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वागत किया।

इस दौरान संभाग आयुक्त गुप्ता के साथ धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व उपसंचालक मनीष तिवारी, सहायक संचालक बंसल ने भी बाबा महाकालेश्वर के दर्शन किये।इसके बाद धार्मिक न्यास व धर्मस्य संचालक गुप्ता ने उपसंचालक तिवारी को कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत मध्य प्रदेश शासन द्वारा धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का कार्यालय उज्जैन में स्थापित किया गया है। इस विभाग के अन्तर्गत मुख्य धार्मिक संस्थान श्री महाकालेश्वर मन्दिर उज्जैन, श्री पशुपतिनाथ मन्दिर मंदसौर आदि हैं। इसी के साथ धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, लद्दाख स्थित सिंधु दर्शन योजना, कैलाश मानसरोवर यात्रा, श्रीलंका के सीता माता मन्दिर की यात्रा का आयोजन करता है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Most Popular

To Top