Haryana

विकास कार्यों में जिला महेंद्रगढ़ राज्य के पांच अग्रणी जिलों में शामिल

नारनाैल, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । महेंद्रगढ़ जिला विकास कार्यों की राशि अदायगी करने में हरियाणा राज्य में पांचवें स्थान पर है। जिले की वित्त वर्ष 2023-24 की कोई भी अदायगियां लंबित नहीं हैं। यह जानकारी गुरुवार को जिला नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त डा’ आनंद कुमार शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि उपायुक्त डा. विवेक भारती के मार्ग दर्शन में डी-प्लान के तहत महेंद्रगढ़ जिले को वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 14 करोड़ 54 लाख 89 हजार रूपये आवंटित हुए थे, इसमें आठ करोड़ 72 लाख 93 हजार सामान्य मद के लिए तथा पांच करोड़ 81 लाख 96 हजार रूपये एससीएसपी मद के लिए आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला विकास योजना के तहत अधिकतर विकास कार्य सम्पूर्ण हो चुके हैं तथा कुछ कार्य बचे हैं, वह भी समय पर ही पूरा हो जाएंगे। जिला विकास कार्यों की राशि अदायगी करने में महेंद्रगढ़ जिला हरियाणा राज्य में पांचवें स्थान पर है।

जिले की वित्त वर्ष 2023-24 की कोई भी अदायगियां लंबित नहीं हैं। उन्होंने बताया कि डी-प्लान के तहत जिला के विभिन्न गांवों में एससी, बीसी तथा सामान्य वर्गों के लिए चौपालों का निर्माण, गांव की गलियों का निर्माण, पीने के पानी के लिए वाटर टैंक का निर्माण, स्कूलों के नए कमरों का निर्माण, बस क्यू शेल्टर, खेल मैदानों में बने स्टेज पर शैड व ट्रैक का निर्माण, सामुदायिक केंद्रों का निर्माण आदि कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी विकास कार्यों को समय पर करवाने के लिए कृत संकल्प हैं और समय-समय पर विकास कार्यों की निगरानी के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Most Popular

To Top