Uttrakhand

जिलाधिकारी ने किया धान की फसल पर क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण

गोपेश्वर के गंगोलगांव में क्रॉप कटिंग निरीक्षण करते हुए डीएम।

गोपेश्वर, 20 सितम्बर (Udaipur Kiran) । जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने शुक्रवार को राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र पपडियाणा के अन्तर्गत ग्राम गंगोलगांव में धान की फसल पर किए जा रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हाेंने महिलाओं के साथ धान की लवाई भी की।

राजस्व विभाग द्वारा काश्तकार बचन सिंह बिष्ट के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लाट बनाकर नियमानुसार क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया, जिसमें धान की उपज 2.7 किलोग्राम प्राप्त हुई। भारी वर्षा के कारण इस वर्ष धान की उपज अपेक्षाकृत कम रही।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भू-अभिलेखों की भी जांच की और काश्तकारों को खेती से संबंधित नई तकनीकाें की जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों के औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली और उनके समाधान के लिए सुझाव भी दिए। उन्हाेंने बताया कि क्राप कटिंग प्रयोग से फसल बीमा और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गणना में सहायाता मिलती है।

इस अवसर पर राजस्व उप निरीक्षक दलबीर सिंह चौहान, अपर सांख्यिकी अधिकारी कुसुम रावत, सहायक भूलेख अधिकारी हरीश चन्द्र पांडेय और काश्तकार बचन सिंह बिष्ट सहित अन्य लाेग उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / जगदीश पोखरियाल

Most Popular

To Top