Uttrakhand

नगर के छह चौराहों पर जुलूस व प्रदर्शन पर जिला प्रशासन ने लगाई रोक, आम लोगों को मिलेगी राहत

जिलाधिकारी सविन बंसल व एसएसपी अजय सिंह।

– वर्षों से चली आ रही समस्या से लोगों को मिलेगी राहत

– जिलाधिकारी व एसएसपी की पहल पर बनी नई व्यवस्था

देहरादून, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । अब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा और रैली आदि का आयोजन नहीं किया जा सकेगा। जिलाधिकारी और एसएसपी की पहल पर प्रशासन के इस निर्णय से शहर में वर्षों से चली आ रही समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ लोगों को जाम के झाम से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी।

दरअसल, राजनीति दल और अन्य संगठन अपनी समस्याओं को लेकर शहर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर आएदिन प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि का आयोजन किया जाता है। इससे जाम की स्थिति बनती और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता। ऐसे में यातायात सुचारू बनाने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने संयुक्त रूप से विस्तृत मंथन के उपरांत शहर के प्रमुख छह चौराहों पर नई व्यवस्था बनाई। जिलाधिकारी ने नगर के घंटाघर, गांधी पार्क, एस्लेहॉल चौक, दर्शन लाल चौक, तहसील चौक, बुद्धा चौक जैसे व्यस्तम स्थानों पर धरना, प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा और रैली के आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही इसके लिए अलग मार्ग निर्धारित किए हैं।

प्रदर्शन-जुलूस के लिए मार्ग निर्धारित

अब सचिवालय कूच के लिए विभिन्न संगठन और दल के कार्यकर्ता-पदाधिकारी परेड ग्राउंड परिसर के बाहर ढुंगा हाउस के समीप एकत्रित होंगे। इसके बाद कनक चौक होते हुए पैसिफिक तिराहा से आगे बढ़ेंगे और आयकर तिराहे पर जाएंगे। परेड ग्राउंड से राजभवन अथवा मुख्यमंत्री आवास कूच करने वाले जनसमूह को पैसिफिक तिराहे पर ही रोका जाएगा।

विशेष परिस्थितियों में पुलिस-प्रशासन तैयार करेगी कार्ययोजना

पारंपरिक शोभायात्रा, धार्मिक जुलूस के लिए विशेष परिस्थितियों में समय, मार्ग व संख्या निर्धारण के लिए जिला प्रशासन, पुलिस व यातायात के साथ बैठक के उपरांत कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वित की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top