Uttrakhand

हरिद्वार की दीक्षा तिवारी ने राज्य खेल प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण व एक रजत

दीक्षा तिवारी

हरिद्वार, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राज्य खेल प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक जीतकर हरिद्वार की बेटी दीक्षा तिवारी ने तीर्थनगरी का मान बढ़ाया है। दीक्षा सीबीएसई की जोनल प्रतियोगिता में भी चार रजत पदक जीतने में कामयाब रहीं। इसी के साथ खेलो इंडिया नार्थ जोन प्रतियोगिता में भी एक कांस्य पदक व नगद पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है।‌

डीपीएस रानीपुर में 12वीं की छात्रा दीक्षा तिवारी ने 23 सितंबर को हल्द्वानी गोलापार स्टेडियम में आयोजित राज्य खेल प्रतियोगिता में दाे स्वर्ण एक रजत पदक के साथ सफलता का परचम लहराया है। दीक्षा ने 100 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक व 200 मीटर मिक्स रिले व महिला रिले में स्वर्ण पदक जीते हैं।

दीक्षा ने 22 से 25 सितंबर को जसपुर में आयोजित सीबीएसई जोनल प्रतियोगिता में चार रजत पदकों पर कब्जा जमाया। उन्हाेंने बटरफ्लाई, 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर व 200 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक जीता है।

उन्हाेंने 28 और 29 सितंबर को चंडीगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया नॉर्थ जोन में नकद पुरस्कार और एक कांस्य पदक हासिल किया है।

अब 11 अक्टूबर से उड़ीसा भुवनेश्वर में होने वाली सीबीएसी राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिता में दीक्षा उत्तराखंड की तरफ से प्रतिभाग करेंगी। दीक्षा तिवारी की सफलता से उनकी माता श्वेतांबरी तिवारी और पिता अजय तिवारी की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।

पूर्वांचल उत्थान संस्था के अध्यक्ष सीए आशुतोष पांडेय, महासचिव बीएन राय, पूर्वांचल महासभा के अध्यक्ष वीके त्रिपाठी व डीपीएस के प्रिंसिपल अनुपम जग्गा सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने दीक्षा तिवारी को शुभकामनाएं दी हैं।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top