
जबलपुर, 31 मई (Udaipur Kiran) । जबलपुर में कांग्रेस की ओर से आज(शनिवार काे) ‘जय हिंद सभा’ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पार्टी केंद्र सरकार की सैन्य नीतियों और पाकिस्तान के मुद्दे को लेकर सवाल उठाएगी। सभा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह पहुंचे हैं। सभा से पहले पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और पटवारी ने शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंच की बजाय वरिष्ठ नागरिकों के बीच बैठकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया ने दिग्विजय सिंह से मंच पर चलने का आग्रह किया, लेकिन दिग्विजय सिंह नहीं माने। बता दें ग्वालियर के एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मंच पर जगह नहीं मिली थी, तब उन्होंने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया था कि अब वे किसी भी मंच पर नहीं बैठेंगे। इससे पहले यह संभावना जताई जा रही थी कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, लेकिन उनका दौरा अंतिम समय पर रद्द हो गया, जिससे कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई।
सेना किसी पार्टी विशेष की नहीं देश की है:भूपेश बघेल
जबलपुर में कांग्रेस की जय हिंद सभा में पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शाैर्य स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर किए सवाल पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बघेल ने कहा कि सेना किसी पार्टी विशेष की नहीं बल्कि देश की है। सेना के पराक्रम पर कोई सवाल नहीं है, सवाल सरकार की नियत पर है। बघेल ने कहा कि पहलगाम के चार आतंकियों की अब तक सरकार ने पहचान क्यों नहीं की। आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि 56 इंच के सीने वाले ट्रंप के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सीज फायर की शर्तें सबके सामने रखे। आखिर अमेरिकी राष्ट्रपति के कहने पर सीजफायर क्यों किया गया। बघेल ने कहा कि शिमला समझौते में साफ तौर पर लिखा है कि हमारे इस मुद्दे पर कोई तीसरा दखल नहीं देगा। इंदिरा गांधी ने भी पाकिस्तान से लड़कर बांग्लादेश बना कर दिखाया था। आज देश किस हालात में है स्थिति पूरे देश के सामने है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
