

देहरादून, 01 जनवरी (Udaipur Kiran) । नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री आवास में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक, भारतीय प्रशासनिक, पुलिस, वन और प्रांतीय सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देने आए सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि नववर्ष पर हमें नए संकल्पों के साथ प्रदेश के विकास के लिए कार्य करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसे देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समग्र विकास, प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण, आर्थिक उन्नति, पर्यटन, खेती, बागवानी और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से राज्य के विकास में सहयोगी बनने का आह्वान किया।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
