Uttar Pradesh

प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव लाना सराहनीय कदम: धर्मेंद्र प्रधान

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को ज्ञापन देने का छाया चित्र

प्रयागराज, 10 अप्रैल (Udaipur Kiran) । प्रयागराज जैसे आध्यात्मिक नगर में इस प्रकार के विश्वविद्यालय की स्थापना एक सराहनीय विचार है और इस पर शीघ्र ही मंत्रालय स्तर पर चर्चा की जाएगी। यह बात गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को सर्किट हाउस में महापौर गणेश केसरवानी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट कर इस विषय में एक आधिकारिक प्रस्ताव पत्र सौंपा। महापौर ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रयागराज नगर निगम सदन ने 17 फरवरी को इस विषय में एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया था। प्रस्ताव में प्रयागराज को एक वैश्विक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगर के रूप में चिन्हित करते हुए यहां एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की आवश्यकता जताई गई थी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को देखते हुए यहां इस प्रकार के विश्वविद्यालय की स्थापना न केवल स्थानीय विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि देश और विदेश के शोधार्थियों को भी आकर्षित करेगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रस्ताव पत्र को सहर्ष स्वीकार किया और महापौर की पहल की सराहना करते हुए इसे एक दूरदर्शी सोच बताया।

महापौर की इस पहल से प्रयागराजवासियों में आशा की एक नई किरण जगी है। यदि यह प्रस्ताव अमल में आता है, तो यह प्रयागराज को एक नई पहचान दिलाने के साथ-साथ शैक्षणिक क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल

Most Popular

To Top