Uttar Pradesh

केंद्र सरकार के 11 वर्ष हुए पूरे, जनसंपर्क अभियान कर गिनाई जाएंगी उपलब्धियां : धर्मपाल सिंह

सांसद रमेश अवस्थी के साथ चर्चा करते प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह

कानपुर, 06 जून (Udaipur Kiran) । यह अभियान विकसित भारत का अमृत काल की भावना को समर्पित होगा। साथ ही केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। जनसंपर्क अभियान नौ जून से शुरू होकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलेगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं, सफलताओं और जनहितकारी नीतियों की जानकारी देंगे। यह बातें शुक्रवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कही।

केंद्र सरकार के ग्यारह वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में नौ जून से 21 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल स्वरूप नगर स्थित सांसद रमेश अवस्थी के निवास पहुंचे।

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी विशेष जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सशक्त करने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। यह अभियान उन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

धर्मपाल ने सांसद रमेश अवस्थी, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया आदि नेताओं से अभियान की रणनीति, कार्य योजना और जनसंपर्क गतिविधियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देने की बात भी कही।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top