Madhya Pradesh

शाजापुर में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर निकली शोभायात्रा, उमड़े श्रद्धालु

शाजापुर में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर निकली शोभायात्रा

शाजापुर, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । अयोध्या में श्रीराम मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ बुधवार को मध्य प्रदेश में भी उत्साह और श्रद्धाभाव से मनाई गई। इस मौके पर राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। शाजापुर में बुधवार को अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई। बस स्टैंड तक निकली इस शोभायात्रा के बाद धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

धर्मसभा में महाराष्ट्र से धार्मिक प्रवक्ता हर्षा दीदी ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले सभी नागरिकों को देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ को यादगार बनाया। इस आयोजन ने शहर में धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

इंदौर के रेवेन्यू नगर में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भक्तिमय माहौल में प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई इस प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रभातफेरी के दौरान क्षेत्र के निवासियों ने अपने घरों को दीपों से सजाया और रंगोली बनाकर स्वागत किया। संघमित्र निरंजन शाखा के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी रही। लोगों ने फूलमालाओं से प्रभातफेरी का स्वागत किया।

इसी तरह राजधानी भोपाल समेत अन्य शहरों में कई आयोजन हुए। दिन में पूजा-अर्चना का दौर चला तो वहीं रात में मंदिरों मेां सुंदरकांड के पाठ हुए। इसके अलावा, प्रभातफेरी और जुलूस भी निकाले गए, जो कि देर रात तक चलते रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top