Uttar Pradesh

उप्र में विकास कार्य ठप, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव

लखनऊ, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की नकारात्मक कार्य प्रणाली से उत्तर प्रदेश की छवि खराब हो रही है। प्रदेश में विकास कार्य ठप है, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। किसान, नौजवान, व्यापारी, कर्मचारी सभी परेशान है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। गरीबों और कमजोर लोगों के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।

अखिलेश ने कहा कि युवा नौकरी, रोजगार के लिए भटक रहा है। बजट की लूट चल रही है। भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में पीडीए समाज के साथ भेदभाव किया है। अब पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) भाजपा के खिलाफ एकजुट हो गया है तो भाजपाई घबराई हुई है। भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने पीडीए समाज के साथ पीडीए अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ भी हर स्तर पर भेदभाव कर रही है। इस सरकार में जितना अन्याय हुआ उतना कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में झूठ और लूट के अलावा कुछ नहीं है। किसानों नौजवानों की समस्याओं का इस सरकार के पास कोई हल नहीं है। भाजपा सरकार ने द्वेष भावना के चलते समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को बर्बाद कर दिया। समाजवादी सरकार के समय उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश के रूप में जाना जाता था। सड़कें, पुल, स्टेडियम, पार्क अस्पताल मेडिकल कॉलेज बन रहे थे, लेकिन आज भाजपा की द्वेश की राजनीति के चलते उत्तर प्रदेश में दंगे, बवाल हो रहे हैं। अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा है।

भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की पुलिस को भी बर्बाद कर दिया है। पुलिस का राजनीतिकरण कर दिया गया है। पुलिस- प्रशासन भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने लगा है। कानून व्यवस्था और विकास को छोड़कर पुलिस प्रशासन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष के खिलाफ साजिश और षड्यंत्र में जुटा रहता है। देश में सबसे ज्यादा पुलिस कस्टोडियल डेथ उत्तर प्रदेश में हो रही है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर उत्तर प्रदेश में हो रहा है। किसानों, नौजवानों का शोषण हो रहा है। यह सरकार किसानों को खाद भी नहीं उपलब्ध करा पा रही, भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं ने सहकारी समितियों पर कब्जा कर लिया है। अब खाद, बीज में किसानों से दलाली करके लूट कर रहे है। भाजपा सरकार में किसान बेबस है।

भाजपा सरकार ने जनता को बड़े-बड़े झूठे सपने दिखाए थे। निवेश के नाम पर दिखावा किया लेकिन आज तक कहीं भी किसी भी क्षेत्र में निवेश नहीं आ रहा है। उत्तर प्रदेश में किसी की जान और कारोबार व्यापार सुरक्षित नहीं है तो निवेश कैसे आएगा। आज प्रदेश का हर वर्ग भाजपा की षड्यंत्रकारी नीतियों से त्रस्त है। आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर उत्तर प्रदेश में उसकी विद्वेषपरक नकारात्मक राजनीति का अंत कर देगी।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top