

– राज्यमंत्री ने किया फायर स्टेशन और पेवर्स रोड निर्माण का भूमिपूजन
सतना, 16 मई (Udaipur Kiran) । नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो निरंतर चलती रहती है। किसी भी प्रकार के विकास कार्य को कराये जाने में समय लगता है, थोडी-बहुत परेशानी का भी सामना करना पडता है। लेकिन उस कार्य के पूर्ण हो जाने के बाद नागरिकों का जीवन सुगम और सुविधाजनक हो जाता है। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों से किसी व्यक्ति का नहीं अपितु पूरे क्षेत्र के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी शुक्रवार को सतना में भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने इस अवसर पर मुक्तिधाम के सामने महदेवा रोड़ धवारी वार्ड क्रमांक 32 में 33.74 लाख रुपये लागत राशि के फायर स्टेशन और वार्ड क्रमांक 31 में 16.83 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पेवर्स रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस मौके पर महापौर योगेश ताम्रकार, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, निर्माण समिति के अध्यक्ष गोपी गेलानी, प्राचार्य आलोक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धवारी में फायर स्टेशन के बन जाने से आस-पास के क्षेत्रों में होने वाली आगजनी की घटनाओं में तत्काल काबू पाया जा सकेगा। इससे समय भी बचेगा और नुकसान का भी खतरा कम रहेगा। उन्होंने कहा कि सतना नगर निगम के पास अपग्रेड सिस्टम का फायर ब्रिगेड मौजूद है। जो शहर के किसी भी क्षेत्र में तत्काल आगजनी की घटनाओं को रोकने में सक्षम है। राज्यमंत्री ने कहा कि वार्ड पार्षद सहित आप सब इन निर्माण कार्यों की निगरानी रखे। जिससे कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण हो सके।
कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि मध्यप्रदेश में सतना पहला नगर निगम है, जो आईएसओ सर्टीफाइड है। नगर निगम सतना का फायर डिपार्टमेंट वॉकी-टॉकी से लेस है। धवारी में इस चौथे फायर स्टेशन के बन जाने के बाद शहर के चारों कोने में कही भी कोई अग्नि दुर्घटना होती है तो महज 8 से 9 मिनट के अंदर फायर बिग्रेड की गाडियां प्रभावित स्थल तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि सतना नगर निगम के पास मध्यप्रदेश की चौथी हाइड्रोलिक फायर बिग्रेड है जो 50 फीट ऊपर तक जाकर आग बुझा सकती है।
कलेक्टर ने किया गौ अभ्यारण्य स्थल का निरीक्षण
सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शुक्रवार को चित्रकूट के बगदरा घाटी में प्रस्तावित गौ अभ्यारण्य के स्थल और झुरी नाला चित्रकूट का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत तिघरा पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, डीएफओ मयंक चांदीवाल, एसडीएम एपी द्विवेदी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) तोमर
