
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने किस्म विकसित करने वाले वैज्ञानिकों को दी बधाईकुलपति प्रो. बीआर काम्बोज के निर्देशन में लगातार किसान हितैषी कार्य कर रहे वैज्ञानिकहिसार, 24 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हौटा) ने विश्वविद्यालय के चारा अनुभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों द्वारा ज्वार की उन्नत किस्म सीएसवी 64एफ विकसित किए जाने को सराहनीय बताया है। हौटा ने कहा कि कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज के मार्गदर्शन में एचएयू के वैज्ञानिक आए दिन अपनी मेहनत से किसानों के हित में नई किस्में विकसित करके या नई खोज करके खेती को लाभकारी बनाने का प्रयास कर रहे हैं।हौटा प्रधान डॉ. अशोक गोदारा एवं अन्य पदाधिकारियों ने गुरुवार काे कहा कि विश्वविद्यालय के चारा अनुभाग ने हाल ही में ज्वार की उन्नत किस्म सीएसवी 64एफ विकसित की है। चारा अनुभाग अब तक ज्वार की 13 किस्में विकसित कर चुका है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित उन्नत किस्मों व तकनीकों के कारण प्रदेश का देश के खाद्यान व चारा उत्पादन में अहम योगदान है। हकृवि के चारा अनुभाग द्वारा विकसित ज्वार की सीएसवी 64एफ एक कटाई वाली, पत्तेदार, मीठी व रसदार किस्म है जिसे पशु अधिक चाव से खाते हैं। उल्लेखनीय है कि ज्वार पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-भारतीय श्रीअन्न अनुसंधान संस्थान से 2021-22 व 2022-23 में सर्वश्रेष्ठ ज्वार अनुसंधान केन्द्र का अवार्ड भी मिल चुका है।हौटा पदाधिकारियों ने ज्वार की नई किस्म सीएसवी 64एफ को विकसित करने में योगदान देने वाले चारा अनुभाग के वैज्ञानिकों डॉ. पम्मी कुमारी, डॉ. एसके पाहुजा, डॉ. जीएस दहिया एवं डॉ. डीएस फोगाट, डॉ. सतपाल, डॉ. नीरज खरोड़, डॉ. बजरंग लाल शर्मा एवं डॉ. मनजीत सिंह की टीम को बधाई दी। हौटा के अनुसार ज्वार की इस नई किस्म को उत्तरी राज्यों मुख्यत: हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड एवं गुजरात में उगाने के लिए सिफारिश की गई है।हौटा प्रधान डॉ. अशोक गोदारा के अलावा अन्य पदाधिकारियों उप प्रधान डॉ. कृष्ण यादव, सचिव सोमबीर निंबल, सह सचिव डॉ. दिनेश तोमर, कोषाध्यक्ष कोटिल्य चौधरी ने भी चारा अनुभाग के वैज्ञानिकों को नई उपलब्धि पर बधाई दी। हौटा पदाधिकारियों ने कहा कि कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में वैज्ञानिकों द्वारा विकसित की जा रही नई किस्मों से किसान वर्ग को फायदा पहुंच रहा है। किसानों के हित के लिए बना यह विश्वविद्यालय निरंतर किसानों की सेवा में लगा है। हौटा प्रधान डॉ. अशोक गोदारा ने बताया कि इसी कड़ी में हरियाणा कृषि विश्विद्यालय हिसार के किसान सेवा केन्द्र द्वारा वर्चुअल कृषि समस्या समाधान सेवा सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को 10 से दोपहर एक बजे तक उपलब्ध रहती है। किसान इस सेवा का लाभ उठाने के लिए गुगल मीट लिंक http://meet.google.com/ftf-bkqv-mae पर क्लिक करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
