Madhya Pradesh

राष्ट्र प्रेम का संदेश देगी शहीदों की यशभूमि : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री ने दो करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण व भूमि-पूजन
उप मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 63 लाख रुपए लागत के विद्युत उप केन्द्र का किया लोकार्पण

– नैकहाई शौर्य स्मारक के पुनरूद्धार व सौन्दर्यीकरण के कार्य एक वर्ष में होंगे पूर्ण

– उप मुख्यमंत्री ने दो करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण व भूमि-पूजन

भोपाल, 08 फरवरी (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शहीदों की यशभूमि आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम का संदेश देगी। यह भूमि आने वाली पीढ़ी को अमर बलिदानियों के शहादत को याद रखने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल शनिवार को रीवा शहर में स्थित शौर्य भूमि नैकहाई में 1703 के बुंदेला युद्ध एवं 1796 के पेशवा युद्ध के अमर बलिदानियों के पुण्य-स्मरण समारोह संगम तीर्थ की बाउण्ड्रीवॉल प्रवेश एवं निर्गम द्वार के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने छतरियों के जीर्णोद्धार, कीर्ति स्तंभ, संग्रहालय, बावड़ी एवं मंदिर निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य आगामी एक वर्ष में पूर्ण कर लिए जाएं। उप मुख्यमंत्री ने लगभग 75 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा एक करोड़ 25 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी कार्य को करने के लिए राजनैतिक इच्छाशक्ति आवश्यक होती है। शहीदों की पुण्यभूमि के पुनरूद्धार के लिए लालबहादुर सिंह व बृहस्पति सिंह ने प्रयास किए और आने वाले 8 फरवरी 2026 को यह शौर्य स्मारक पूर्णत: सौन्दर्यीकृत व सुसज्जित होकर इतिहास रचेगा, जिससे यहाँ आने वाले लोगों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा 01कि रीवा में पर्यटकों को इस वीर भूमि के दर्शन होंगे जहाँ महारानी कुंदन कुमारी के नेतृत्व में वीरता का इतिहास अंकित हुआ था जिसे चिरस्थाई बनाया जा रहा है।

शुक्ल ने कहा कि बुजुर्गों और महान व्यक्तियों के शुभ आशीर्वाद से रीवा विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। हमें अपने पितरों की पूजा अर्चना करनी चाहिए, क्योंकि इन्हीं के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि व विश्वास आता है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अमर बलिदानियों का पुण्य स्मरण करते हुए उनकी शहादत को नमन किया। उन्होंने शहीदों के परिजनों का सम्मान किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व जनपद अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, एमपीआईडीसी के ईडी यूके तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि हाउसिंग बोर्ड के अधिकारीगण तथा शहीद परिवारों के परिजन, रिटायर्ड फौजी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 63 लाख रुपए लागत के विद्युत उप केन्द्र का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को उद्योग विहार चोरहटा रीवा में 2 करोड़ 63 लाख रुपए लागत और 5 केवीए क्षमता के 33/11 केव्ही विद्युत उप केन्द्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि इंडस्ट्रियल एरिया में हाई वोल्टेज के साथ चौबीसों घंटे विद्युत की निरंतरता रहे। औद्योगिक केन्द्र में विद्युत उप केन्द्र के निर्माण से उद्योगों को पर्याप्त वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति होगी। उन्होंने कहा कि आरडीएसएस योजना में फीडर सेपरेशन व उप केन्द्र निर्माण के कार्य कराए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीसों घंटे विद्युत आपूर्ति बनी रहे। साथ ही शहरी व औद्योगिक क्षेत्रों में भी भरपूर वोल्टेज के साथ विद्युत की आपूर्ति हो।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र रीवा में सब स्टेशन के निर्माण से इस क्षेत्र को बड़ी उपलब्धि मिली है। हमारा प्रयास है कि स्थितियों को बेहतर से बेहतर बनाया जाए। इसी क्रम में सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top