HimachalPradesh

ऊना में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज़, 250 करोड़ से बनेगा मां चिंतपूर्णी का भवन

सलामी लेते उपमुख्यमंत्री।

ऊना, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारत के 76वें गणतंत्र दिवस पर ऊना जिला बासंती रंगों में खिला दिखा। इस उपलक्ष्य पर राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व होमगार्ड की महिला तथा पुरुष टुकड़ियों और एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ। उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।उन्होंने कहा कि संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति संविधान में ही निहित है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जलशक्ति से जन जीवन में समृद्धि लाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में पेयजल और सिंचाई के कार्यों पर लगभग 4 हजार 500 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं। वहीं, ऊना जिले में पेयजल और सिंचाई की करीब एक हज़ार करोड़ की स्कीमों के काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है जिसके लिए जलशक्ति विभाग में ही प्रदेश में 10 हजार भर्तियां की जा रही हैं।

अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना का नाम देश में सबसे तेज गति से तरक्की करने वाले जिलों में है। हम यहां विकास को और रफ्तार देने के लिए वचनबद्ध हैं। ऊना को सौर ऊर्जा कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में लगभग 153 मेगावाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट स्थापित हो रहे हैं। ये प्रोजेक्ट लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत के हैं।

अग्निहोत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर को भव्य रूप देने के लिए हम करीब 250 करोड़ रुपये से मंदिर का सुंदर भवन बनाने जा रहे हैं। इसके अलावा वहां श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने समेत अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / विकास कौंडल

Most Popular

To Top