Uttar Pradesh

भारतीय सेना के सम्मान में काशी में निकली विशाल तिरंगा यात्रा,शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद

काशी में तिरंगा यात्रा का नजारा
काशी में तिरंगा यात्रा का नजारा
काशी में तिरंगा यात्रा का नजारा

—‘ऑपरेशन सिंदूर’ को काशी ने किया सलाम,यात्रा में उमड़ा जनसैलाब,छलका देशभक्ति का ज्वार,गूंजा मां भारती का जयकारा

वाराणसी,24 मई (Udaipur Kiran) । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सफलता के बाद भारतीय सेना के सम्मान में शनिवार शाम विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई । ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सैल्यूट करने के लिए यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। तिरंगा यात्रा को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य,भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट नंबर 2 से प्रारंभ होकर गेट नंबर 3 से निकलकर सरदार पटेल चौराहा, मलदहिया, लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान पर पहुंच कर सम्पन्न हुई।

यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी,छात्र,एनसीसी के कैडेट,पुलिस, पीएसी, होमगार्डस, पीआरडी एवं एनडीआरफ के जवानों ने तिरंगा लहराते हुए पूरे उत्साह से भागीदारी की।

सेना के अदम्य साहस को सलाम

तिरंगा यात्रा में शामिल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान पर आपरेशन सिंदूर की गौरवमयी सफलता तथा मातृभूमि की रक्षा में भारत की तीनों सेनाओं के अद्वितीय साहस, शौर्य व बलिदान को नमन करते हुए देश व सेना के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। देशवासियों को अपने सैनिकों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिक भीषण सर्दी, गर्मी एवं बरसात में देश की सरहदों पर रहकर देश की सुरक्षा करते हैं। तब हम अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं। विगत दिनों ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सैनिकों ने अपने अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देते हुए पाकिस्तान को घुटने के बल आने को मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित करके ‘भारत की एकता और अखंडता का संकल्प लिया गया’ है। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यह संकल्प लिया गया है कि भारत एक है, भारत श्रेष्ठ है, भारत विजेता है और उन्होंने भारतीय सेना को बधाई दी।

मुख्य आकर्षण लोगों के हाथों में एक विशालकाय झंडा रहा

तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण लोगों के हाथों में एक विशालकाय झंडा रहा। विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राएं 250-250 मीटर लंबे तिरंगे को हाथों में लिए भारत माता की जय जयकार लगाते चल रहे थे।

यात्रा में इनकी रही भागीदारी

तिरंगा यात्रा में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक अवधेश सिंह, विधायक टी राम, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम माैर्या, एमएलसी अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, मनीष कपूर, सतुआ बाबा संतोष दास, पातालपुरी मठ के महंत बालक दास, गंगा महासभा के स्वामी जितेंद्रानंद, महंत अवध किशोर दास,भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, चंद्रशेखर उपाध्याय,नवीन कपूर, मधुकर चित्रांश, नागेंद्र रघुवंशी, राकेश त्रिवेदी, अभिषेक मिश्रा, आत्मा विश्वेश्वर, आलोक श्रीवास्तव, अशोक सिंह जाटव, विनोद गुप्ता, प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय जनसम्पर्क कार्यालय के प्रभारी शिवशरण पाठक आदि ने भागीदारी की।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top