Delhi

दिल्ली के मेयर ने निगमायुक्त को हटाने के लिए गृह मंत्री को लिखा पत्र

दिल्ली नगर निगम मेयर महेश कुमार खिची (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर महेश कुमार खिची ने निगमायुक्त अश्विनी कुमार को हटाने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। महापौर ने अश्विनी कुमार के स्थान पर एक उत्तरदायी निगमायुक्त की नियुक्ति की मांग की है।

महापौर ने पत्र में लिखा है कि निगमायुक्त सदन को बिना विश्वास में लिये जनता की कमर तोड़ने वाले टैक्स लगा रहे हैं और विभिन्न मामलों में फीस बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगमायुक्त का रवैया पूरी तरह से उदासीन और जनविरोधी है।

महापौर ने कहा कि नागरिक सुविधाएं देने के लिए निगम के कार्यपालक अधिकारियों एवं विधायी संस्थाओं के प्रमुखों के साथ समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।

खिची ने कहा कि जनता टैक्स के बोझ से परेशान है और निगमायुक्त ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं किए। पत्र में उन्होंने यह भी लिखा है आयुक्त को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए और निगम में एक ऐसी सोच वाले व्यक्ति की नियुक्ति की जाए, जो दिल्ली की जनता और निगम के बीच तालमेल बना सके।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूजर चार्ज के खिलाफ एमसीडी मेयर ने गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा था।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top