Chhattisgarh

बिगड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में 24 जुलाई को विधानसभा का घेराव होगा : दीपक बैज

कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज की पत्रकारवार्ता।

रायपुर, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार काे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि राज्य की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था से प्रदेश का हर नागरिक परेशान है। महिलायें, व्यापारी, आम आदमी सभी अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थितियां इतनी भयावह हो चुकी है कि कलेक्टर, एसपी कार्यालय जलाये जा रहे हैं। सरेआम लोगों की हत्यायें हो रही राज्य के हालात असहनीय हो चुके हैं।

जबसे राज्य में भाजपा की सरकार बनी है। नागरिको को भय के माहौल जीवन जीना पड़ रहा है। अपराधी बेलगाम हो गये हैं। साय सरकार के राज में महिलाओं के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो गयी है। 6 माह में राज्य में 300 से अधिक बलात्कार, 80 सामूहिक बलात्कार, 200 से अधिक हत्यायें। चाकूबाजी, लूट, डकैती, चेन स्नेचिंग की अनगिनत घटनाएं हो चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अपराधी बिना किसी वाहन के पैदल चल कर चैन खींच कर भाग जाते हैं। राजधानी में थाने में चाकू मार दिया जाता है पुलिस असहाय हो गयी है। नक्सलवादी घटनायें 6 माह में बढ़ गयी। राज्य में रोज़ तीन बलात्कार की घटना हो रही, हर दो दिन में एक सामूहिक दुराचार की घटना हो रही है। रोज समाचारों में प्रदेश भर में तीन से चार मासूम अबोध बच्चियों के साथ तथा सामूहिक दुराचार की घटनाओं की खबरे सामने आ रही है।

राजधानी से लगे आरंग में मॉब लीचिंग में तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी जाती है। सरकार अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाय उनको संरक्षण देने में लगी है। हत्यारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बजाय सरकार सदोष मानव वध का मुकदमा दर्ज करवाया है ताकि अपराधियों को बचाया जा सके। बैगा जनजाति के पूरे परिवार को जला कर मार डाला गया। महिलाओं बच्चियों को बहला फुसला कर प्रदेश के बाहर ले जाया जाता है। राजनांदगांव के स्टेशन में 21 महिलाओं बच्चियों को तस्कर ले जा रहे थे, जिन्हें रोका गया। लेकिन अपराधियों के सत्तारूढ़ दल के लोगों से संबंध थे, वे थाने से छोड़ दिये गये। जगदलपुर में तीन दिन में चार हत्यायें हो गयी। मां, बेटे को एक साथ मार डाला गया। गृहमंत्री का गृह जिला तो हत्या, लूट, मानव तस्करी का केंद्र बन गया है। 6 माह में एक दर्जन से अधिक दुर्दांत हत्या में कवर्धा में हुई है। हर दिन बलात्कार की घटनाएं हो रही है।

हाई कोर्ट ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर दो बार सवाल खड़ा किया है। ऑन लाईन सट्टा महादेव एप डबल इंजन की सरकार में फल-फूल रहा है। सत्तारूढ़ दल के लोग इसके संरक्षक बन गये इसीलिये इसको बंद करने कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्टी 24 जुलाई को विधानसभा घेराव की घाेषणा करती है। इस दिन पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव करेंगे।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / चन्द्र नारायण शुक्ल / गायत्री प्रसाद धीवर

Most Popular

To Top