
यमुनानगर, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा चंडीगढ़ में हुई कैबिनेट बैठक में व्यापारियों के लिए 2,500 करोड़ रूपये की कर्ज माफी योजना की घोषणा का लघु उद्योग प्रकोष्ठ, भाजपा हरियाणा के प्रदेश सह प्रमुख सुमित गुप्ता ने स्वागत किया। उन्होंने इसे हरियाणा के व्यापारियों और लघु उद्योगों के लिए एक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय बताया।
शनिवार को जानकारी देते हुए सुमित गुप्ता ने कहा कि यह योजना प्रदेश के व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इससे न केवल व्यापारियों की आर्थिक समस्याएं कम होंगी, बल्कि उन्हें अपने व्यवसाय को फिर से सशक्त बनाने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह कदम उनके व्यापारियों और उद्योगों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी समर्पण भावना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि इस एक समय समझौता योजना के तहत व्यापारियों द्वारा लिए गए कर्ज पर लगने वाला पूरा ब्याज माफ कर दिया गया है। जिन व्यापारियों का बकाया कर्ज 10 लाख रूपये या उससे कम है, उनकी मूल राशि में एक लाख रूपये की कटौती की गई है। उन्हें केवल कुल बकाया का 40 प्रतिशत ही चुकाना होगा। वहीं जिन व्यापारियों का बकाया कर्ज 10 लाख से 10 करोड़ रूपयेतक है, उन्हें भी बकाया राशि पर ब्याज में छूट दी गई है। उन्हें अब केवल कुल बकाया का 60 प्रतिशत ही अदा करना होगा।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
