
धमतरी, 8 जून (Udaipur Kiran) । सोरिद वार्ड काली मंदिर के पास निकासी नाली निर्माण कार्य वर्तमान में परेशानी का सबब बन गया है। लंबे समय से सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखे होने से चौड़ी सड़क आधी हो गई है। व्यस्ततम सड़क में निर्माण सामग्री के कारण लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वार्ड के रहवासियों ने तत्काल निर्माण सामग्री को हटाने की मांग की है ताकि आवाजाही सुगम तरीके से हो सके।
इस मार्ग से प्रतिदिन आवाजाही कर रहे लोग कार्य की सुस्ती से परेशान हैं। लापरवाही का आलम यह है कि सड़क किनारे डंप रेत अब सड़क के बीचो-बीच फैलने लगी है। इससे कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है। वहीं सड़क में फिसल कर लोग भी घायल हो रहे हैं। वार्डवासियों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने की मांग की है। नाली निर्माण की सुस्ती से लोग परेशान हो गए हैं।
वार्ड के बलराम रजक ने कहा कि नगर निगम को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करना चाहिए, ताकि लोगों की आवाजाही बेहतर ढंग से हो सके। सड़क में निर्माण सामग्री रखे होने से चौड़ी सड़क भी छोटी हो जाती है। वार्ड के शेषनारायण सिन्हा ने कहा कि सुबह और शाम के समय अक्सर इस मार्ग में जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए निर्माण सामग्री को हटाना चाहिए। कई लोग इस मार्ग से गुजरते समय अक्सर सड़क में फिसलकर गिर जाते हैं। राजेश देवांगन ने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से रखे हुए बिल्डिंग मटेरियल व मलबे के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूर्व में कई दुर्घटनाएं इस कारण से हो चुकी है इसलिए नगर निगम को सड़क पर सामान फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
कुलेश्वर देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 सोरिद वार्ड काली मंदिर के पास सड़क के बीचों बीच फैल रही रेत से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। निर्माण सामग्री व मलबा को हटाने की कार्रवाई जल्द से जल्द होनी चाहिए। मालूम हो कि इस मार्ग से प्रतिदिन नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, पर इसे व्यवस्थित करने इनके द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यह मार्ग शहर का व्यस्त मार्ग है। प्रतिदिन काफी संख्या में यहां से लोगों का आना- जाना लगा रहता है। ऐसे में टर्निंग के पास आगे सड़क किनारे सामान डंप होने से गंभीर दुर्घटना होने की आशंका है। इसे जल्द से जल्द हटाया जाए। सोरिद वार्ड की तरह ही टिकरापारा, पोस्टआफिस वार्ड सहित अन्य वार्ड में सामान फैला हुआ है।
इस संबंध में नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा सतत कार्रवाई की जाती है। वर्तमान में नगर निगम द्वारा घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
