

रामगढ़, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड में बुधवार को डालसा ने ”विधान से समाधान” विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा), झारखंड राज्य विधि सेवा प्राधिकार (झालसा) एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वाधान में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार दुबे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफलता पूर्वक आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डालसा सचिव के जरिये दो रिसोर्स पर्सन पैनल अधिवक्ता मंजूरी चाकी और बीबी जाहिदा खातून को नियुक्त किया गया था। इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रेरित करना था। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानव तस्करी, यौन उत्पीड़न, एसिड अटैक, अपहरण और दहेज के लिए मृत्यु जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास योजनाओं, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, महिलाओं की शिकायतों के समाधान में एनसीडब्ल्यू के हेल्पलाइन नंबर 112 और नालसा की भूमिका को विस्तार से बताया गया।
इस कार्यक्रम में चितरपुर प्रखंड के विभिन्न विभागों से जुड़ी महिलाएं, शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया दीदी और जेएसएलपीएस की कुल 60 महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंचल अधिकारी दीपक मिंज, पारा लीगल वॉलंटियर दुर्गेश कुमार, विनोद कुमार, निरंजन कुमार का विशेष योगदान रहा। इस शिविर ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश
