
धमतरी, 22 मई (Udaipur Kiran) । धमतरी शहर से लगे हुए ग्राम पंचायत सोरम में गोकुलधाम बसाने की योजना अब मूर्त रूप लेते हुए दिख रही है। 22 मई को नगर निगम कार्यालय में डेयरी संचालकों की नगर निगम महापौर में बैठक हुई। इस बैठक में महापौर ने डेयरी संचालकों से कहा कि उन्हें चिन्हांकित जगह में अपने डेयरी व्यवसाय ले जाना होगा। निगम द्वारा सभी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके बाद डेयरी संचालक और अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए निकल गए।
धमतरी शहर में गोकुल नगर बसाने का काम लगभग 10 वर्षों से पेंडिंग में है। प्रथम नगर निगम कार्यकाल के बाद कांग्रेस का पांच साल समेत इस तरह से 10 वर्ष बीत गए। अब तक डेयरी संचालकों का शहर के बाहर विस्थापन नहीं हो पाया है। डेयरी संचालकों के मवेशियों से कई बार हादसे भी होते हैं। इसके अलावा गोबर से नालियां जाम होती है। वार्ड में गंदगी भी फैलती है। इन सभी समस्याओं को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा डेयरी संचालकों को बार-बार शहर के बाहर गोकुल नगर में बसाने की बात कही जाती थी। पूर्व में सोरम में जगह चिन्हांकित किया गया था। जहां पर लाखों खर्च भी हो चुके हैं। लेकिन वहां पर चट्टान, गर्मी, पानी की अनुपलब्धता सहित कई समस्याओं को देखते हुए डेयरी संचालक वहां शिफ्ट ही नहीं हुए। इसके बाद कई बैठकों का दौर भी चला, लेकिन कोई निर्णय नहीं निकल पाया।
डेयरी संचालकों को निगम महापौर ने अपने सारे एजेंडे बता दिए कि किस प्रकार की सुविधा वहां पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी बीच एक डेयरी संचालक ने आवेदन देते हुए कहा कि पूर्व में सोरम भटगांव में जगह का चयन किया गया था जो उपयुक्त नहीं था। अर्जुनी, श्यामतराई, मुजगहन, लोहरसी में भी सरकारी जमीन है, उसे दिया जाए। इस आवेदन पर महापौर ने नाराजगी जताई। इसके बाद संचालक और अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए निकल गए। महापौर रामू रोहरा बताया कि सोरम के आगे नया स्थल चयन किया गया है। जहां पर ठंडकता भी है, जानवरों के लिए घास भी उपलब्ध है। पानी भी पर्याप्त है। वहां पर स्पष्ट कह दिया गया है कि आपको वहां पर जाना है जो आप सुविधा बोलेंगे, वह हम देंगे। डेयरी संचालकों ने कहा कि महापौर ने नये स्थल के बारे में बताया है वहां जाकर के देखने के बाद ही पता चलेगा। चयनित स्थल के पास सभी सुविधा हो। शेड बना कर दिया जाए, पानी की उपलब्धता हो, टांका बना कर दिया जाए, बिजली सहित समस्त सुविधाएं वहां पर उपलब्ध होनी चाहिए। स्थल निरीक्षण के बाद पुन: आयोजित बैठक में अपने निर्णय से महापौर को अवगत कराएंगे। बैठक में आयुक्त प्रिया गोयल, उपयुक्त पीसी सार्वा, स्वास्थ्य प्रभारी निलेश लूनिया, शशांक मिश्रा, डेयरी संचालक रामनरेश, लाल गवली, सुधु, रामकिशन ग्वाल, बॉबी सरदार, कन्हैया ग्वाल, मदन कौशिक, शुभम ग्वाल, राजू गवली, सोनू सहित बड़ी संख्या में डेयरी संचालक बैठे थे।कोतवाली पुलिस, यातायात पुलिस आदि मौजूद थे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
