Uttar Pradesh

श्रद्धालुओं की बस में दौड़ा करंट, एक की मौत

श्रद्धालुओं की बस में दौड़ा करंट, एक की मौत

हाथरस, 07 जून (Udaipur Kiran) । कस्बे के मथुरा बस अड्डा पर पर दुखद घटना सामने आई। वैष्णो देवी से लौट रही श्रद्धालुओं की बस में करंट दौड़ जाने से हड़कंप मच गया। बस की छत से सामान उतारने के दौरान एक श्रद्धालु की करंट से दुखद मौत हो गई। महिला सहित अन्य दो लोग भी करंट लगने से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। मौके पर एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने शनिवार काे बताया बस में करीब 65-70 यात्री सवार थे। यह बस करीब आठ दिन पहले सादाबाद, कजरौठी, बिसावर, मई, एत्मादपुर और आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं को लेकर वैष्णो देवी और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए गई थी। शनिवार सुबह बस जब मथुरा बस अड्डा के निकट आकर रुकी तो श्रद्धालु घरों की तरफ जाने लगे। कुछ श्रृद्धालुओं का सामान बस की छत पर रखा। जब श्रद्धालु बस की छत से सामान उतार रहे थे, तब एक श्रद्धालु हाइवोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। इससे बस में करंट दौड़ गया। करंट लगने से बस में सवार कजरौठी निवासी 40 वर्षीय संजय कुमार की मौत हो गई। एक महिला समेत दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। गंभीर घायलों को आगरा के एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सादाबाद और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया। मामूली रूप से झुलसे श्रद्धालुओं का सीएचसी सादाबाद में उपचार किया गया।

क्षेत्रीय विधायक प्रदीप कुमार सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी और मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। एएसपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों और घायलों को सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। बाद में एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पहुंचकर घटना का संज्ञान लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / मदन मोहन राना

Most Popular

To Top