HEADLINES

मप्र में इंडी गठबंधन में दरार, सपा ने कांग्रेस से आए अर्जुन राय को बुधनी से बनाया प्रत्याशी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और सपा उम्मीदवार अर्जुन राय की तस्वीर

भोपाल, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद अब उपचुनाव में भी आईएनडीआईए (इंडी) अलायंस में फूट देखने को मिली है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के विधायकी से दिए गए इस्तीफे के बाद खाली हुई बुधनी विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। सपा ने एक दिन पहले ही कांग्रेस से आए अर्जुन राय को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, आईएनडीआईए की शर्तों के अंतर्गत सपा विजयपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस का साथ दे रहा है।

दरअसल, मप्र की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इन सीटों पर आगामी 13 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए फिलहाल नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इन दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने एक दिन पहले यानी रविवार को ही इन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। एक दिन बाद ही कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने वाली समाजवादी पार्टी ने बुधनी विधानसभा सीट से अपना अलग उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को मैदान में उतारा है, वहीं समाजवादी पार्टी ने अर्जुन आर्य को अपना प्रत्याशी बनाया है।

अर्जुन आर्य विधानसभा चुनाव के दौरान ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने रविवार को कांग्रेस से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। अब वे कांग्रेस के लिए मुश्किल खड़ी करेंगे। अर्जुन राय कांग्रेस में प्रदेश सचिव रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव के पहले से क्षेत्र में सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव में भी यहां से टिकट मांग रहे थे, पर कांग्रेस ने विक्रम मस्ताल को उम्मीदवार बनाया था। वह किसान नेता के रूप में सक्रिय रहे हैं। क्षेत्र में पदयात्राएं भी कर चुके हैं। इस कारण कांग्रेस को उनके आने से बड़े नुकसान की आशंका है। राय जाट हैं और ओबीसी वर्ग से आते हैं। अब कांग्रेस पार्टी सपा और अर्जुन राय को मनाने में लगी है। भाजपा ने इस सीट से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को अपना प्रत्याशी बनाया है।

इस मामले में कांग्रेस की प्रत्याशी चयन समिति के सदस्य शैलेन्द्र पटेल का कहना है कि अभी नामांकन और नाम वापसी के लिए समय है। हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे। यहां प्रत्याशी उतारने के पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव के बीच बैठक भी हुई थी। मनोज यादव से भी राय ली गई थी। पूरी उम्मीद है कि गठबंधन का पूरा सहयोग कांग्रेस को मिलेगा।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव का कहना है कि हमने कांग्रेस से दो में से एक सीट मांगी थी, पर उन्होंने दोनों जगह प्रत्याशी उतार दिए। ऐसे में हमने भी बुधनी से अपना प्रत्याशी उतारा है। हमें भी जनता के बीच जाना है, इसलिए पार्टी का जनाधार खत्म नहीं कर सकते। आगे जो भी राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा वह होगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top