Haryana

फरीदाबाद : बकायेदारों के खिलाफ निगम चलाएगा सीलिंग का अभियान

बकायेदारों की सूची बनाते निगम कर्मचारी

आठ जोन में निगम के कुल 400 बड़े बकायेदार सामने आए

फरीदाबाद, 10 जून (Udaipur Kiran) । प्रदेश सरकार से विकास कार्यों और वेतन के लिए ग्रांट नहीं लेनी पड़े, इसलिए निगम अपने खजाने को स्थानीय स्त्रोतों से भरना चाहता है। इसके लिए निगम अब अपने बकायेदारों से ही वसूली के लिए बड़ा अभियान चलाएगा। निगम ने इसके लिए हर जोन में 50 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की है। आठ जोन में निगम के कुल 400 बड़े बकायेदार सामने आए हैं। जिनसे करीबन एक करोड़ रुपये की वसूली करनी है। अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने कराधान शाखा के अधिकारियों को आदेश दिया कि इन बकायेदारों को पहले नोटिस देकर तीन दिन के भीतर टैक्स जमा कराने के लिए कहा जाए। अगर फिर भी टैक्स जमा नहीं किया जाता है, तो सीधा सीलिंग की कार्रवाई की जाए। इन बकायेदारों में सरकारी विभाग भी शामिल हैं। गौरतलब है कि पूरे शहर में कुल साढ़े सात लाख प्रॉपर्टी है। जिसमें 1.25 लाख प्रॉपर्टी आइडी का ही सत्यापन हो पाया है। इन प्रॉपर्टी मालिकों से नगर निगम टैक्स की वसूली करता है। साल 2024-25 में निगम की ओर से कुल 85 करोड़ की टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन निगम प्रॉपर्टी आइडी में खामियों की वजह से केवल 45 लाख ही वसूल कर पाया। वहीं, ऐसे में अब अतिरिक्त आयुक्त की ओर से सत्यापन कैंप की संख्या दोगुनी करने का आदेश दिया गया है। निगम अधिकारी शाम के समय भी कम्यूनिटी सेंटर और पार्क में कैंप लगा रहा है। पार्षदों और आरडब्ल्यूए से भी सत्यापन करवाने को लेकर सहयोग मांगा जा रहा है। पिछले सप्ताह सीएम नायब सैनी ने नगर निगम के विकास कार्यों और प्रॉपर्टी आइडी सत्यापन को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में भी सत्यापन की धीमी गति को लेकर सीएम और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नाराजगी जताई थी।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top