CRIME

मंत्री और आईएएस के खिलाफ पोस्टर लगाने पर निगम ने करवाया मामला दर्ज

मंत्री और आईएएस के खिलाफ पोस्टर लगाने पर निगम ने करवाया मामला दर्ज

जयपुर, 1 जून (Udaipur Kiran) । जयपुर के बाईस गोदाम सर्किल पर सहकारिता मंत्री गौतम दक और सीनियर आईएएस मंजू राजपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार जुड़े मामलों के पोस्टर लगाने के मामले में नगर निगम हेरिटेज सख्त नजर आ रहा है। जिसके चलते नगर निगम सिविल लाइन जोन ने बिना अनुमति सरकारी होल्डिंग पर विज्ञापन लगाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इसके बाद अब अशोकनगर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उप निरीक्षक घनश्याम ने बताया कि सिविल लाइन्स जोन नगर निगम जयपुर हेरिटेज क्षेत्र के वार्ड नंबर 49 में सहकार मार्ग स्थित एमजीएफ मॉल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से विज्ञापन बैनर चस्पा कर दिया। यह बैनर नगर निगम हेरिटेज के एक विज्ञापन बोर्ड पर लगाया गया था। इसका ऑप्शन नहीं करके नगर निगम ने सरकारी योजनाओं के विज्ञापनों के लिए खुद अपने पास रख रखा था।

बैनर में लिखा था कि सीएम साहब सुनो सुनो करोड़ों के घोटालों के आरोपियों को बचा रहे सहकारिता मंत्री गौतम दक और रजिस्ट्रार मंजू राजपाल। हालांकि बैनर एक सप्ताह पहले लगाया गया था,लेकिन बैनर की फोटो वायरल होने के बाद नगर निगम हेरिटेज की ओर से अशोकनगर थाने में मामला दर्ज करवाया गया। मामला दर्ज होने से पहले बैनर को हटा दिया गया था। उसके स्थान पर सरकारी योजनाओं के प्रचार के बैनर लगा दिए गए थे। इस विज्ञापन के लगने के बाद नगर निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान और अन्य सरकारी योजनाओं के प्रचार में बाधा बन गई। इसके साथ ही शहरी सौंदर्यीकरण पर भी असर पड़ा। जिसे नगर निगम ने सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति का विरूपण माना है। निगम के अनुसार, यह मामला राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 297 क और राजस्थान संपत्ति विरूपण एवं निवारण अधिनियम 2006 की धारा 3/6 का उल्लंघन है। इसके बाद इस संबंध में सिविल लाइन जोन के उपायुक्त ने अशोकनगर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर नगर निगम हेरिटेज आयुक्त की ओर से आरओ सत्यनारायण ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top