
धमतरी, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । दो माह से वेतन नहीं मिलने से निगम कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इसे लेकर स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। निगम कर्मचारी चरणबध्द आंदोलन कर रहे हैं। इसके तहत 18 जुलाई को संघ के सदस्यों ने काली पट्टी लगाकर काम किया।
नगर निगम इन दिनों आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है। यहां कार्यरत 210 नियमित, एवं 154 प्लेसमेंट कर्मियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष मो. शेरखान एवं निगम अध्यक्ष तरुण गजेन्द्र ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण पोषण में दिक्कत आ रही है। कुछ कर्मचारी किराये के मकान में रहते हैं। दो माह तक किराया नहीं देने पर मकान मालिक घर खाली करने कह रहे हैं। कर्मचारियों की पीड़ा को देख छत्तीसगढ़ स्वायत्त शासी कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। इनके द्वारा प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। इसके तहत 18 जुलाई से काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आज 19 जुलाई को भी काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मांग पूरी नही होने पर आगे प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर सचिव मंगलूराम निर्मलकर, अविनाश मारोठे, नमिता नागवंशी, संरक्षक ओमप्रकाश शर्मा, नरेन्द्र साहू, खिलेश्वर, दिनेश शर्मा, कामता प्रसाद नागेन्द्र, इसहाक खान, नितिन बनवासी, छबि प्रजापति, कामता चौबे, संजय गुप्ता, प्रमेश पेंदरिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। मालूम हो कि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों काे भी दो माह से वेतन नहीं मिल पाया है। एक दिन पहले निगम के सफाई कर्मचारी वेतन मांगने नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे।
22 को कलमबंद हड़ताल एवं 29 को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष मो. शेरखान ने बताया कि संघ द्वारा चरणबध्द तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा है। 22 को कलमबंद हड़ताल एवं 29 को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / चन्द्र नारायण शुक्ल
