HimachalPradesh

विकसित कृषि संकल्प अभियान की सिरमौर में हुई समन्वय बैठक, 29 मई से 12 जून तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान

विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान  किसानों को किया जाएगा जागरूक

नाहन, 29 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर द्वारा कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के अधिकारियों के साथ उपनिदेशक कृषि कार्यालय में एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला सिरमौर के कृषि अधिकारियों ने भाग लिया और अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

यह अभियान 29 मई से शुरू होकर 12 जून तक चलेगा। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विभाग और कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी (आत्मा) के आपसी समन्वय से जिले के अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकास खंडों में किसानों को खरीफ फसलों हेतु उन्नत कृषि पद्धतियों, नवीनतम कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभ, मौसम आधारित कृषि गतिविधियों, प्राकृतिक खेती के महत्व तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

इस दौरान किसानों के साथ सीधे संवाद की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे उनकी समस्याओं को समझा जा सके और उनकी प्रतिक्रियाओं का दस्तावेजीकरण किया जा सके।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर के विभागाध्यक्ष एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पंकज मित्तल ने कहा कि यह अभियान किसानों में नवचेतना का संचार करेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top